:: राजीनामे के आधार पर 1.22 करोड़ रुपये से अधिक के अवॉर्ड पारित; इंदौर और मण्डलेश्वर आयोगों में दिखी सक्रियता :: इंदौर (ईएमएस)। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोगों में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर वर्षों से लंबित उपभोक्ता विवादों को आपसी सहमति और राजीनामे के माध्यम से सुलझाया गया। जिला उपभोक्ता आयोग इंदौर क्रमांक-2 के अध्यक्ष विकास राय ने बताया कि 14 मार्च को आयोजित इस लोक अदालत में उपभोक्ताओं और कंपनियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में मामलों का निपटारा हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोक अदालत में तीन प्रमुख केंद्रों पर सक्रियता से कार्य किया गया। मुख्य जिला उपभोक्ता आयोग क्रमांक-2 में सर्वाधिक 44 प्रकरण सुलझाए गए। इसी प्रकार, सम्बद्ध जिला आयोग इंदौर क्रमांक-1 में 30 प्रकरण और जिला आयोग मण्डलेश्वर में 17 प्रकरणों का निराकरण आपसी समझौते के आधार पर किया गया। :: एक करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक की राशि के अवॉर्ड पारित :: लोक अदालत की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि तीनों केंद्रों को मिलाकर कुल 91 प्रकरणों का निराकरण एक ही दिन में संभव हुआ। इन प्रकरणों के समाधान के स्वरूप कुल एक करोड़ 22 लाख 11 हजार 137 रुपये की राशि के अवॉर्ड पारित किए गए। उपभोक्ता आयोग के अधिकारियों के अनुसार, लोक अदालत के माध्यम से विवादों का अंत होने से न केवल न्यायालयीन बोझ कम होता है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी उनके हक की राशि बिना किसी लंबी कानूनी प्रक्रिया के त्वरित मिल जाती है। लोक अदालत के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी मतभेदों को भुलाकर समझौते का रास्ता अपनाया, जिससे लंबे समय से चल रहे विवादों का सुखद पटाक्षेप हुआ। प्रकाश/14 मार्च 2026