क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


वाराणसी (ईएमएस) । कमिश्नरेट गोमती जोन के थाना बड़ागांव क्षेत्र में आज महिला आत्मसम्मान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया,जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों से लगभग 2000 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में श्री मोहित अग्रवाल पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर श्री आकाश पटेल डीसीपी गोमती, श्री नृपेन्द्र एडीसीपी गोमती, श्रीमती नम्रिता श्रीवास्तव एडीसीपी महिला अपराध तथा गोमती जोन के समस्त थानाध्यक्ष भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करना, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना तथा शासन की महिला सुरक्षा के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के प्रभावों पर चर्चा करना रहा। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त महोदय ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध अपsराध के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नरमी की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन की सख्त नीति और पुलिस की सक्रिय कार्यवाही के कारण आज महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में महिलाओं के आत्मसम्मान,आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। आज महिलाएं बिना भय के घर से बाहर निकलकर शिक्षा,रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ की जाने वाली त्वरित एवं कठोर कार्रवाही समाज में एक स्पष्ट संदेश देती है कि महिला सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि वर्तमान समय में उन्हें पुलिस पर भरोसा है तथा वे स्वयं को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरा महसूस करती हैं। कई महिलाओं ने बताया कि आज वे स्वतंत्र रूप से घर से बाहर निकलकर काम कर सकती हैं, अपने व्यवसाय चला सकती हैं और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सकती हैं। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में छोटे-छोटे उद्यमों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनी 05 महिलाओं क्रमशः (डिम्पल, बबिता, शान्ति, अर्चना, अनीता) को उत्कृष्ठ कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने अपने परिश्रम और संकल्प के माध्यम से न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भरता प्राप्त की है बल्कि समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया है जिनका विवरण निम्नवत है- क्र0सं0 - नाम - पता - व्यवसाय 01 डिम्पल - सगुनहा - मशरूम उत्पादन 02 बबिता - सगुनहा - सब्जी का व्यवसाय 03 शांति - पिण्डरा ब्लॉक - संकुल लेखापाल 04 अर्चना - बसनी - पोल्ट्री फार्मिंग 05 अनीता - पिण्डरा ब्लॉक - आदर्श CLF अध्यक्ष कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा महिला अपराधों के विरुद्ध की गई कठोर एवं प्रभावी कार्रवाही के परिणामस्वरूप कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। वर्ष 2017 से लगातार हर छोटी-बडी़ घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए उनमें शामिल अभियुक्तगणों के विरूद्व प्रभावी कार्यवाही करायी गयी जिसके परिणामस्वरूप बलात्कार में 74 प्रतिशत, छेड़खानी में 55 प्रतिशत, महिला हत्या में 60 प्रतिशत, पॉक्सों में 52 प्रतिशत बड़ी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आयी है। इस प्रकार महिला अपराध में 60 से 74 प्रतिशत तक की कमी आयी है। ऑपरेशन कन्विक्शन के अन्तर्गत मा0 न्यायालय में महिला संबंधी अपराधों में पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही की गयी जिसके कारण जहां पूर्व में गिने चुने प्रकरणों में सजा होती थी वहीं वर्ष 2021 से लगातार सजा में वृद्वि हुई है। वर्ष 2020-21 में जहां 69 प्रकरण में कुल 86 महिला अपराध के अभियुक्तगण को सजा हुई वहीं वर्ष 2024 से मार्च 2026 तक में 118 महिला अपराध के प्रकरण में 166 अपराधियों को सजा हुई । वर्ष 2025 में 01 प्रकरण में मृत्यु दण्ड,10 प्रकरण में आजीवन कारावास, 31 में 10 वर्ष से अधिक की सजा, 09 में 05 से 10 वर्ष तक की सजा एवं 16 प्रकरण में 05 वर्ष तक की सजा प्रभावी पैरवी कर मा0 न्यायालय से करायी गयी । उ0प्र0 रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान कोष से गत वर्ष महिलाओं को 5,53,10,000 रूपये की सहायता दी गयी है। निरंतर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों, मिशन शक्ति कार्यक्रमों तथा त्वरित पुलिस कार्रवाही के कारण महिलाओं में सुरक्षा की भावना और विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। मिशन शक्ति केन्द्र द्वारा स्कूल कालेज व ग्राम पंचायतों में कुल 5785 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर 5,60,352 से अधिक महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानून, हेल्प लाइन नम्बर व राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला केन्द्रित योजनाओं के जानकारी देकर जागरूक किया गया है। मिशन शक्ति केन्द्र द्वारा लगातार चलाये जा रहे व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम के कारण मिशन शक्ति केन्द्र की स्थापना के मात्र 05 माह के अन्दर दहेज हत्या में करीब 40 प्रतिशत व घरेलू हिंसा/एलोप्मेण्ट के प्रकरण में 35 से 40 प्रतिशत की कमी परिलक्षित हो रही है । वाराणसी गोमती जोन के थाना बड़ागांव क्षेत्र में आज महिला आत्मसम्मान सम्मेलन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में महिलाओं की भागीदारी ही समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है,और वाराणसी पुलिस इस दिशा में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। डॉ नरसिंह राम /14मार्च2026