- पीड़िता ने आरोपी को पहचानने से किया इनकार, पुलिस जांच में जुटी कांकेर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय बालिका के साथ जंगल में हुए दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना करीब 8 महीने पहले की बताई जा रही है, जब बालिका मवेशी चराने जंगल गई थी। एक युवक ने उसे अकेला पाकर डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे बालिका ने अपने परिजनों को कुछ नहीं बताया। कुछ महीनों बाद जब बालिका का पेट बाहर आने लगा, तो परिजनों को शक हुआ, लेकिन वे भी चुप रहे। सप्ताह भर पहले बालिका की तबीयत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां जांच में उसकी 8 महीने की गर्भावस्था का पता चला। अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की। कोयलीबेड़ा थाने में शून्य एफआईआर दर्ज कर घटना स्थल थाने को डायरी भेजी गई। पीड़िता से पूछताछ की गई, लेकिन उसने आरोपी को पहचानने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी निर्मल जांगड़े ने बताया कि बालिका आरोपी के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है और दावा कर रही है कि वह उसे नहीं जानती। पुलिस ने बालिका को चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (सीडब्ल्यूसी) में पेश किया, जहां से भी आरोपी का कोई खुलासा नहीं हुआ। महिला पुलिस अधिकारी ने भी मामले की जांच की, लेकिन पीड़िता ने आरोपी की पहचान नहीं बताई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)14 मार्च 2026