कांकेर(ईएमएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में भानुप्रतापपुर नगर में एक महिला को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया, जबकि चारामा के ग्राम दरगहन से एक ग्रामीण पुरुष को भी शराब बिक्री करते गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भानुप्रतापपुर के सलिहापारा क्षेत्र में एक महिला अपने घर के बाड़ी में देशी महुआ शराब बनाकर छिपाकर बेच रही है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ में महिला ने अपना नाम डॉली कोर्राम (40) निवासी वार्ड क्रमांक 7 सलिहापारा बताया। तलाशी के दौरान पुलिस को मकान के पीछे बाड़ी में बने बाथरूम से जरकिन में भरी महुआ से बनी देशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा पांच ड्रम में करीब 50 किलोग्राम लहान और देशी शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ईएमएस(राकेश गुप्ता)14 मार्च 2026