आईपीएल 2026 से पहले अनिल कुंबले का विश्लेषण नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और इससे पहले क्रिकेट विशेषज्ञ अलग-अलग टीमों का विश्लेषण करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर बैंगलुरु की टीम का आकलन किया है। उन्होंने कहा कि आरसीबी की ताकत उसके विदेशी खिलाड़ी हैं, जो टीम को काफी मजबूत बनाते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि प्लेइंग इलेवन तय करना टीम मैनेजमेंट और कप्तान के लिए आसान नहीं होगा। रजत पाटीदार की अगुवाई वाली आरसीबी 28 मार्च को सनराईज हैदराबाद के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। कुंबले के मुताबिक आरसीबी के लिए यह बेहद जरूरी होगा कि वह अपने विदेशी खिलाड़ियों का सही संयोजन बनाए। उन्होंने खास तौर पर रोमारिया शैपर्ड और टिम डेविड को एक साथ प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की सलाह दी। कुंबले का मानना है कि ये दोनों खिलाड़ी निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी कर मैच को शानदार तरीके से फिनिश करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह जोड़ी एक साथ मैदान पर उतरती है तो आरसीबी की बल्लेबाजी और भी खतरनाक हो सकती है। पूर्व कप्तान ने टीम संयोजन पर बात करते हुए इंग्लैंड के युवा खिलाड़ी जेकब बेथेल को लेकर भी चर्चा की। उनका कहना था कि टीम मैनेजमेंट को यह तय करना होगा कि बेथेल को अंतिम एकादश में किस तरह फिट किया जाए। हालांकि उन्होंने साफ किया कि विकेटकीपर बल्लेबाज फिंन साल्ट का शुरुआती टीम में खेलना लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा अगर ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हैजलबुड फिट रहते हैं तो वह भी प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे। ऐसे में बाकी दो विदेशी खिलाड़ियों के रूप में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड को मौका दिया जा सकता है, जिससे टीम का संतुलन काफी मजबूत दिखाई देता है। कुंबले ने यह भी कहा कि टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि चार विदेशी खिलाड़ियों में किसे अंतिम एकादश में जगह दी जाए। इस फैसले के लिए कप्तान रजत पार्टीदार और टीम मैनेजमेंट को काफी सोच-विचार करना पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें नहीं लगता कि वेंकटेश अर्यर को शुरुआती मैचों में प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी। कुंबले के अनुसार टीम को वही खिलाड़ी प्राथमिकता देनी चाहिए जिन्होंने पिछले सीजन में आरसीबी को 18 साल बाद खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को टीम में शामिल करने की भी वकालत की और कहा कि चोट के कारण वह पिछले कुछ अहम मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन उनका फॉर्म शानदार रहा है। कुंबले ने इम्पैक्ट प्लेयर रणनीति पर भी अपनी राय दी। उनके अनुसार अगर आरसीबी पहले गेंदबाजी करती है तो पडिक्कल इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभा सकते हैं, जबकि पहले बल्लेबाजी की स्थिति में स्पिनर सूयश शर्मा को गेंदबाजी के लिए इम्पैक्ट प्लेयर बनाया जा सकता है। उनका मानना है कि पिछले सीजन में इसी तरह की रणनीति ने टीम को संतुलित बनाया था और इस बार भी आरसीबी इसी फॉर्मूले पर आगे बढ़ सकती है। डेविड/ईएमएस 14 मार्च 2026