खेल
14-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। हाल ही में टीम इंडिया ने कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य कोच गौतम गंभीर की अगुवाई में आईसीसी टी20 विश्वकप 2026 का खिताब जीतकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस जीत के साथ गौतम गंभीर ऐसे पहले भारतीय कोच बन गए हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में टीम को आईसीसी चैम्पियन ट्राफी और टी20 विश्व कप दोनों का खिताब दिलाया है। हालांकि इस ऐतिहासिक सफलता के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली ने टीम को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि असली चुनौती अभी बाकी है। एक इंटरव्यू में गांगुली ने कहा कि सफेद गेंद के क्रिकेट में भारतीय टीम की असली परीक्षा 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में होगी। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा और वहां की परिस्थितियां टीम और कोच दोनों की क्षमता की कड़ी परीक्षा लेंगी। गांगुली का मानना है कि मौजूदा भारतीय टीम मजबूत है और उसके पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भरमार है, इसलिए अगर टीम सही दिशा में आगे बढ़ती है तो वह इस चुनौती में भी सफल हो सकती है। गांगुली ने यह भी कहा कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में सफलता मिलने के बावजूद भारतीय टीम को टेस्ट क्रिकेट में अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की जरूरत है। उनके मुताबिक रेड बॉल क्रिकेट में टीम को विकेटों के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचने के बजाय अपनी प्रणाली पर भरोसा करना चाहिए और बेहतर पिचों पर खेलने की मानसिकता विकसित करनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि घरेलू सीरीज, खासकर इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबलों में केवल टर्निंग ट्रैक तैयार करने की रणनीति से बचना चाहिए। गांगुली के अनुसार अच्छे और संतुलित विकेट बेहतर क्रिकेट को जन्म देते हैं और इससे टीम का प्रदर्शन भी मजबूत होता है। उनका मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में निरंतर सफलता के लिए यही रास्ता सबसे सही है। पूर्व कप्तान ने गौतम गंभीर के कामकाज की भी सराहना की और कहा कि वह एक सक्षम कोच हैं। गांगुली ने याद दिलाया कि उन्होंने पहले भी कहा था कि गंभीर को टीम के साथ काम करने के लिए समय दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक सीमित ओवरों के क्रिकेट में गंभीर ने खुद को साबित किया है और उनके पास एक मजबूत टीम भी मौजूद है। गौरतलब है कि भारतीय टीम ने पिछले ढाई वर्षों में सीमित ओवरों के क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो टी20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की है। हालांकि आईसीसी क्रिकेट वर्ल्डकप 2023 में टीम को हार का सामना करना पड़ा था, जहां खिताब आस्ट्रेलिया के पास गया था। अब 2027 के विश्व कप में भारत के पास ऑस्ट्रेलिया से ट्रॉफी छीनकर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा और मजबूत करने का मौका होगा। डेविड/ईएमएस 14 मार्च 2026