क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


- गैस सप्लाई बंद होने से वाहन चालको के साथ नई मुसीबत जबलपुर, (ईएमएस)। ढाबों एवं होटलों को कुकिंग गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह बंद करने के तुगलकी फरमान से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय, ट्रक मालिकों और ड्राइवरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों पर स्थित ढाबे ट्रक ड्राइवरों, ट्रांसपोर्टर्स, बस सवारियों, टैक्सी चालकों तथा प्राइवेट कार से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सस्ते और ताजे भोजन की महत्वपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराते हैं। ढाबों और छोटे होटलों को कुकिंग गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह बंद कर दिए जाने पर कई ढाबे बंद होने की स्थिति है जो चल रहे है उन्होंने भोजन के दाम बढ़ा दिए। कांग्रेस कमेटी परिवहन प्रकोष्ठ एवं भाईचारा ऑल इंडिया ट्रक ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नरिंदर सिंह पांधे ने कहा है कि लंबी दूरी तय करने वाले बहुत से ट्रक ड्राइवर अपनी गाड़ियों में छोटा गैस सिलेंडर रखकर स्वयं भी खाना बनाते हैं, लेकिन गैस सप्लाई बंद होने से उन्हें भी गैस उपलब्ध नहीं हो पाएगी। ऐसे में एक ओर उन्हें गाड़ी में खाना बनाने में परेशानी होगी और दूसरी ओर ढाबों पर भी या तो भोजन उपलब्ध नहीं होगा या महंगा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर ट्रक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय, ट्रक मालिकों, ड्राइवरों, बस यात्रियों, टैक्सी चालकों तथा प्राइवेट कार से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। पहले से ही बढ़ती महंगाई के दौर में यह निर्णय आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला साबित होगा। सड़क किनारे ढाबे केवल भोजन उपलब्ध कराने का ही कार्य नहीं करते बल्कि लंबी दूरी तय करने वाले ट्रक ड्राइवरों, बस सवारियों और यात्रियों के लिए विश्राम स्थल के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में गैस सप्लाई बंद होने से हजारों ढाबा संचालकों और उनके कर्मचारियों के रोजगार पर भी संकट खड़ा हो सकता है। ऑल इंडिया ट्रक ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सरकार से मांग की गई है कि ट्रक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय, ड्राइवरों और आम यात्रियों की परेशानी को देखते हुए ढाबों और होटलों को कुकिंग गैस सिलेंडर सप्लाई बंद करने के इस निर्णय को तुरंत वापस लिया जाए। सुनील साहू / मोनिका / 14 मार्च 2026