क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना पुलिस ने देवपुरी स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। जप्त सामान की कुल कीमत लगभग 5,33,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक उनकी दुकान पर सोने का रानी हार खरीदने के बहाने आए। उस समय दुकान में संचालक का पुत्र भी मौजूद था। दोनों ने महिला को रानी हार सहित अन्य जेवर दिखाए। खरीदारी के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह एक और हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर गई और सहेली को लेकर आने की बात कहकर निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी भागने की कोशिश करने लगा, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर टिकरापारा थाना में धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरों की बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी, उसके पुत्र और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सघन पतासाजी के आधार पर फरार महिला आरोपी को दुर्ग शहर से चोरी किए गए जेवरों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, चांदी की बिछिया 3 जोड़ी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने आरोपी कमलेश्वरी साहू, पति लक्ष्मीनारायण साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम चांपा, बजरंग चौक के पास, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा तथा मेषराम साहू, पिता स्व. खूबचंद साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बिरोदा, बकतरा रोड के पास, थाना अभनपुर, जिला रायपुर को रिमांड में लेकर उनसे चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ करेगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/14 मार्च 2026