० 06.046 किलोग्राम गांजा बरामद, कीमत लगभग 3.02 लाख रुपये रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6.046 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,02,300 रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त एवं पुलिस उपायुक्त के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली कि गोलबाजार क्षेत्र के दाई कोरा भवन के सामने एक व्यक्ति बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम कल्लू सिंह ठाकुर, पिता स्व. भजन सिंह ठाकुर, उम्र 65 वर्ष, ग्राम सडकहरदुआ, जिला दमोह म.प्र. हाल पता – स्टेशन चौराहा के पास, वार्ड नंबर 08, पवन पाठक का मकान, दसीह, थाना सिटी कोतवाली, जिला दमोह (म.प्र.) बताया। पुलिस द्वारा उसके पास रखे ट्रॉली/पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें गांजा रखा हुआ मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 06.046 किलोग्राम गांजा जब्त किया। मामले में थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 58/26 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/14 मार्च 2026