ग्वालियर ( ईएमएस ) | शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस भवन पर आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी की साधारण सभा की महत्वपूर्ण बैठक शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भाजपा के राज में लगातार बढ़ रही महंगाई, घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में केंद्र सरकार द्वारा अचानक की गई भारी वृद्धि तथा गैस की किल्लत जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भाजपा केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई के खिलाफ शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा दिनांक 17 मार्च को नदी गेट से पाटनकर बाजार तक विशाल जंगी प्रदर्शन एैतिहासिक हो इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक के अंत में कांग्रेस नेता शिवदत्त कुशवाहा एवं मनीष शर्मा की माता जी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। बैठक का संचालन कांग्रेस नेता कुलदीप सिंह कौरव एड. ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई की मार से त्रस्त है। हर घर की रसोई पर संकट खड़ा हो गया है। घर के पुरूष गैस सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े है, घर पर मां, बहु, बहन, बेटी सिलेंडर के इंतजार में है सिलेंडर आए तो खाना बनाएं। केंद्र की मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने आम आदमी की रसोई पर सीधा हमला किया है। उन्होंने कहा कि एक ओर गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं और दूसरी ओर गैस की भारी किल्लत पैदा हो गई है। गैस एजेंसियों के बाहर आम लोग घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं। लोगों के नंबर नहीं लग रहे, सर्वर डाउन हो रहे हैं और समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। यह स्थिति पूरी तरह से सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। इसी कड़ी में 17 मार्च को शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नदी गेट से पाटनकर बाजार तक विशाल जनआक्रोश मार्च निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और आम नागरिक शामिल होंगे। सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम जनता इस आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। बैठक में प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, दशरथ सिंह गुर्जर, अरूण केन, वीर सिंह तौमर, राजकुमार शर्मा, हमीद खां उस्मानी, उदल सिंह, जेएच जाफरी, मंगल सिंह यादव, श्रीमती मीनू परिहार, रामनरेश परमार, कुलदीप सिंह कौरव एड, पवन मिश्रा, आदित्य सेंगर, ब्लॉक अध्यक्ष अनुप शिवहरे, दिलीप बघेल सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।