बेगूसराय, (ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के दौरान शनिवार को बेगूसराय पहुंचे। लेकिन उनकी सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। दरअसल मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लैंड करने से ठीक पहले बीआईएडीए कैंपस में बनाए गए हेलीपैड पर अचानक एक बैल घुस गया। अचानक बैल के पहुंच जाने से वहां तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षा अधिकारियों में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री थोड़ी ही देर में हेलीकॉप्टर से बेगूसराय पहुंचने वाले थे। इसी बीच एक बैल सुरक्षा घेरे को पार कर सीधे हेलीपैड तक पहुंच गया। बैल ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को दौड़ा दिया। खुद को बचाने के लिए एक पुलिसकर्मी तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इस दौरान कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बैल को हेलीपैड से बाहर खदेड़ा। इसके बाद पूरे इलाके की दोबारा जांच की गई और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया। अधिकारियों ने हेलीपैड के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के समय किसी भी तरह की परेशानी न हो। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तीसरे चरण की समृद्धि यात्रा का शनिवार को आखिरी दिन था। इस दौरान उन्होंने बेगूसराय और शेखपुरा जिले का दौरा किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले बेगूसराय पहुंचें जहां वे विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने औद्योगिक इकाइयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और कैंपस में चल रही फैक्ट्रियों का अवलोकन किया। इसके बाद जन संवाद कार्यक्रम के तहत जीविका दीदियों और आम लोगों को भी संबोधित किया। बेगूसराय में मुख्यमंत्री कुल 330 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इनमें कुल 402 योजनाएं शामिल हैं। इनमें से 118.67 करोड़ रुपये की 190 योजनाओं का शिलान्यास किया जबकि 211.97 करोड़ रुपये की 212 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री बीआईएडीए कैंपस में कैंपा कोला फैक्ट्री की भी आधारशिला रखी। बेगूसराय में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री शेखपुरा जिले के लिए रवाना हुए। वे हेलीकॉप्टर से बरबीघा प्रखंड के सर्वा पंचायत पहुंचें। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर हेलीपैड पर उतरे और वहां से सड़क मार्ग से सर्वा गांव पहुंचे। शेखपुरा में भी मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सर्वा पंचायत में करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उन्होंने लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जिसमें क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जनता को दी। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजकर 55 मिनट पर वे पटना के लिए रवाना हो गए। संतोष झा- १४ मार्च/२०२६/ईएमएस