क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


- दुर्घटना : सिहोरा में खटारा वाहन बना आग का गोला जबलपुर, (ईएमएस)। जिला मुख्यालय से 42 किलोमीटर दूर सिहोरा तहसील के वार्ड क्रमांक 3 में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई| सड़क किनारे लंबे समय से खड़ी एक पुरानी टाटा सूमो में अचानक आग भड़क उठी। वाहन के भीतर सो रहे एक व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास की एक दुकान भी उसकी चपेट में आकर पूरी तरह जल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक धुआं उठता दिखा और कुछ ही मिनटों में गाड़ी आग के गोले में बदल गई। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों और धुएं के कारण कोई भी वाहन के पास नहीं पहुंच सका। सिहोरा पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन के अंदर भारी मात्रा में प्लास्टिक और सूखा कचरा भरा हुआ था। आशंका है कि रात में मच्छरों से बचने के लिए जलाई गई अगरबत्ती की चिंगारी से आग लगी। सूखी पन्नियों और ज्वलनशील सामान ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। जहरीले धुएं और तेज लपटों के कारण अंदर सो रहे व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक पिछले कई वर्षों से उसी टाटा सूमो में रह रहा था। वह कचरा बीनकर उसी वाहन में जमा करता था और पास में ही खाना बनाता था। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे इस व्यक्ति की अभी तक औपचारिक पहचान नहीं हो सकी है। पुराना वाहन और उसमें भरा कचरा हादसे की बड़ी वजह बना। लोगों का कहना है कि कई बार उसे समझाया गया था, लेकिन वह वाहन में रहना नहीं छोड़ता था। दुकान भी जली, जांच जारी … आग की लपटों ने बगल की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिहोरा सिविल अस्पताल भेज दिया है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है| सुनील साहू / शहबाज / 14 मार्च 2026