क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिला पुलिस की कार्यप्रणाली, अनुशासन और संसाधनों की स्थिति का जायजा लेने शुक्रवार को डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान परेड, ड्रिल और पुलिस व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। बेहतर टर्न आउट और उत्कृष्ट ड्रिल प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत किया गया, जबकि लापरवाही पाए जाने पर कुछ कर्मचारियों को दंडित भी किया गया। निरीक्षण के दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस स्टाफ मौजूद रहे। डीआईजी/एसएसपी ने परेड की सलामी लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्न आउट की जांच की। इसके बाद स्क्वाड ड्रिल, सलामी शस्त्र, शस्त्र अभ्यास, दिशा परिवर्तन, बलवा ड्रिल और फायरिंग अभ्यास कराया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों की सराहना कर उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। परेड में कुल 326 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। इनमें 11 राजपत्रित अधिकारी, 17 निरीक्षक, 16 उप निरीक्षक, 16 सहायक उप निरीक्षक, 42 प्रधान आरक्षक, 178 आरक्षक और 46 महिला आरक्षक शामिल थे। जवानों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान के निर्देश परेड के बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में डीआईजी/एसएसपी रजनेश सिंह ने अधिकारियों और जवानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान स्वास्थ्य, स्थानांतरण, वेतन, सेवा और आवास से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस मुख्यालय और रेंज मुख्यालय से जारी आदेशों की जानकारी देते हुए मोबाइल पेट्रोलिंग, जवाबदेही, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया। बीट प्रणाली को मजबूत बनाने के निर्देश डीआईजी/एसएसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और नियमित उपस्थिति से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ती है और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होता है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म, सामुदायिक पुलिसिंग, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस लाइन की शाखाओं का भी किया निरीक्षण निरीक्षण के बाद डीआईजी/एसएसपी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर कार्यप्रणाली और संसाधनों की समीक्षा की। उन्होंने उपकरणों के समय पर रखरखाव, मरम्मत और उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की पुलिस व्यवस्था को और आधुनिक एवं संसाधन-सम्पन्न बनाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर पुलिस मुख्यालय से स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी तेज करने पर जोर दिया। परेड में शामिल बल की झलक - कुल अधिकारी-कर्मचारी-326 - राजपत्रित अधिकारी-11 - निरीक्षक-17 - उप निरीक्षक-16 - सहायक उप निरीक्षक-16 - प्रधान आरक्षक-42 -आरक्षक-178 -महिला आरक्षक-46 बिलासपुर पुलिस को मिले नए संसाधन - लगभग 1000 जवानों के लिए बलवा नियंत्रण सामग्री - 16 बोलेरो हल्के वाहन -2 मध्यम मालवाहक ट्रक - 1 मध्यम बस वाहन - नए फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण - 108 पुलिस क्वार्टर स्वीकृत, जल्द मिलेगा आवास का लाभ मनोज राज 14 मार्च 2026