क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को जिले के तखतपुर विकासखंड के ग्राम लाखासार में गौधाम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गोमाता की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की। मुख्यमंत्री ने गौधाम परिसर का अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बेसहारा पशुओं के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। लाखासार में बना यह गौधाम करीब 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसमें से 19 एकड़ भूमि पर पशुओं के लिए हरे चारे की खेती की जा रही है। गौधाम का संचालन कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने चारागाह का भी अवलोकन किया और पशुओं के चारा, पानी तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की जा रही गौधाम योजना का उद्देश्य प्रदेश में बेसहारा और आवारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय देना, गोधन संरक्षण को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से गौधाम विकसित किए जाएंगे, जिससे गौसेवा की परंपरा को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पशुपालकों और ग्रामीणों से संवाद भी किया और गौसेवा में लगे लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौसेवा से जुड़ा यह कार्य समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि अब राज्य के सभी गौधाम सुरभि गौधाम के नाम से जाने जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन गौधामों में पशुपालन, हरा चारा उत्पादन और गोबर से उपयोगी वस्तुएं बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने लाखासार क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने गांव में महतारी सदन, मिनी स्टेडियम और 500 मीटर लंबाई के गौरव पथ के निर्माण की घोषणा की। साथ ही लाखासार गौधाम में प्रशिक्षण भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत करने तथा एक काऊ कैचर और एक पशु एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और तखतपुर क्षेत्र को भी कई विकास कार्यों की सौगात मिली है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक और ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। गौधाम की खास बातें 0 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित गौधाम 0 19 एकड़ में हरे चारे की खेती 0 बेसहारा और आवारा पशुओं को मिलेगा आश्रय 0 संचालन कामधेनु गौशाला समिति द्वारा मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं 0 लाखासार में बनेगा महतारी सदन 0 गांव में बनेगा मिनी स्टेडियम 0 500 मीटर लंबाई का गौरव पथ बनेगा 0 गौधाम के लिए काऊ कैचर और पशु एम्बुलेंस स्वरोजगार से भी जुड़ेगा गौधाम 0 पशुपालन का प्रशिक्षण 0 हरा चारा उत्पादन की जानकारी 0 गोबर से उपयोगी उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण 0 ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार का अवसर मनोज राज 14 मार्च 2026