जांच में खुली गैस वितरण की अनियमितता, एजेंसी पर प्रकरण दर्ज ग्राम बकोड़ा के सीएससी सेंटर से 6 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त बालाघाट (ईएमएस). जिले के लालबर्रा में गैस सिलेंडरों के वितरण में अनियमितता का बड़ा खेल उजागर हुआ है। शिकायत पर प्रशासन द्वारा की गई संयुक्त जांच में कई गंभीर गड़बडिय़ा सामने आई हैं। जांच में प्रतिबंध के बावजूद 132 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की बिक्री होना पाया गया। इतना ही नहीं 50 खाली सिलेंडरों की भी कमी पाई गई। प्रशासन ने संबंधित एजेंसी संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी तरह बकोड़ा के सीएससी सेंटर से भी 6 घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार रसोई गैस की कमी और व्यवसायिक सिलेंडरों की बिक्री पर रोक के बाद से एजेंसी संचालक मनमानी कर रहे हैं। ताजा मामला लालबर्रा क्षेत्र से सामने आया है। लालबर्रा क्षेत्र में गैस सिलेंडरों के वितरण में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर 13 मार्च को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील किरार एवं नायब तहसीलदार लालबर्रा द्वारा फिजा भारत गैस एजेंसी की संयुक्त जांच की गई। जांच के दौरान एजेंसी के स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें घरेलू उपयोग के 14 किलोग्राम के 41 खाली सिलेंडर और 19 किलोग्राम के व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में 9 खाली सिलेंडर कम पाए गए। एक ही प्रतिष्ठान को बेचे व्यवसायिक सिलेंडर जांच में यह भी सामने आया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के विक्रय पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद एजेंसी संचालक द्वारा 11 और 12 मार्च को कुल 132 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का विक्रय किया गया। साथ ही एक ही प्रतिष्ठान को एक से अधिक व्यावसायिक सिलेंडर बेचे जाने की भी पुष्टि हुई। मामले को गंभीर मानते हुए मौके पर ही गैस एजेंसी के संचालक और प्रबंधक के विरुद्ध पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के 9 मार्च 2026 के आदेश तथा द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत प्रकरण तैयार किया गया है। सीएससी सेंटर से बेचे जा रहे थे सिलेंडर इसी दौरान प्रशासनिक टीम ने तहसील लालबर्रा के ग्राम बकोड़ा स्थित मेश्राम सीएससी सेंटर की भी जांच की। जांच के दौरान वहां से 6 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। निरीक्षण के समय संचालक द्वारा किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्रशासन ने इस मामले में प्रकरण तैयार कर आगे की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है और इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। बालाघाट में प्रतिष्ठानों से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर नगरीय क्षेत्र बालाघाट में राजस्व तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा शनिवार को कार्रवाई करते हुए शहर के चार प्रतिष्ठानों से कुल 4 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ खाद्य प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए किया जा रहा था। इस पर कार्रवाई करते हुए बालाजी चाइनीज एंड डोसा सेंटर (चौपाटी बालाघाट) के संचालक नंदराम अहिरवार, संजू चाइनीज चौपाटी बालाघाट के संचालक पंकज रोकड़े, इंदौर स्वीट्स कारखाना की संचालक कासिस (पिता आशीष साहू) और बजरंग भोजनालय बालाघाट के संचालक परमानंद शर्मा के यहां से एक-एक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया। जब्त किए गए सभी चार गैस सिलेंडरों को एचपी गैस एजेंसी बालाघाट की सुरक्षित अभिरक्षा में जमा करा दिया गया है। विभाग के अनुसार यह कार्रवाई पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के उल्लंघन के चलते की गई है। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है और इस प्रकार के मामलों में आगे भी नियमित जांच कर कार्रवाई की जाएगी। भानेश साकुरे / 14 मार्च 2026