क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


पंचनामा बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट बालाघाट (ईएमएस). देवटोला स्थित वैनगंगा ऑटोमोबाईल्स पेट्रोल पंप पर सीएनजी गैस के स्थान पर सीबीजी गैस की बिक्री किए जाने की शिकायत के बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि 22 जनवरी 2026 से यहां सीएनजी के बजाय लगातार सीबीजी गैस का विक्रय किया जा रहा है। मामले का पंचनामा तैयार कर जांच प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर शनिवार 14 मार्च को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने देवटोला स्थित वैनगंगा ऑटोमोबाईल्स पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। जांच नायब तहसीलदार बालाघाट, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी बालाघाट एवं राजस्व अमले के हल्का पटवारी द्वारा पेट्रोल पंप प्रबंधक दीपक बजाज की उपस्थिति में की गई। निरीक्षण के दौरान फ्यूलिंग स्टेशन पर सीबीजी गैस लिखा हुआ पाया गया। पूरे मामले का मौके पर पंचनामा तैयार कर जांच प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्तुत कर दिया गया है। जांच के दौरान पेट्रोल पंप प्रबंधक दीपक बजाज ने अधिकारियों को बताया कि इंडियन ऑयल कंपनी लिमिटेड द्वारा मेघा गैस के नाम से जुलाई 2025 में यहां सीएनजी गैस विक्रय के लिए स्टेशन स्थापित किया गया था। जुलाई 2025 से 21 जनवरी 2026 तक पेट्रोल पंप पर सीएनजी गैस का विक्रय किया गया, जबकि 22 जनवरी 2026 से यहां सीबीजी गैस की बिक्री की जा रही है। प्रबंधक के अनुसार सीएनजी के स्थान पर सीबीजी गैस उपलब्ध होने की जानकारी 22 जनवरी 2026 को ही सीएनजी उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के व्हाट्सएप ग्रूप में संदेश के माध्यम से साझा कर दी गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि इंडियन ऑयल कंपनी लिमिटेड द्वारा मेघा गैस के साथ टाईअप कर सीबीजी गैस विक्रय की व्यवस्था की गई थी और सीएनजी अथवा सीबीजी गैस की आपूर्ति कंपनी स्तर से तय की जाती है, जिसमें पेट्रोल पंप प्रबंधन की कोई भूमिका नहीं होती। जांच के दौरान मौके पर गैस भरवाने पहुंचे नागपुर निवासी वाहन चालक प्रीतम जांगड़े (वाहन क्रमांक एमएच 49 सीएल 5065) से भी अधिकारियों ने जानकारी ली। उन्होंने बताया कि वे सीएनजी गैस भरवाने आए थे, लेकिन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्होंने अपनी सहमति से सीबीजी गैस भरवाई। भानेश साकुरे / 14 मार्च 2026