क्षेत्रीय
14-Mar-2026


10 करोड 95 लाख 94 हजार 283 रुपये से अधिक के अवॉर्ड पारित छिंदवाड़ा (ईएमएस)। वर्ष २०२६ की पहली नेशनल लोक अदालत का आयोजन शनिवार को जिला न्यायालय परिसर सहित जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित किया गया। वर्ष की पहली लोक अदालत में १४७२ प्रकरणों का निराकरण किया गया। नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशांत हुद्दार द्वारा अन्य न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। नेशनल लोक अदालत में 37 खंडपीठों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें मोटर दुर्घटना के 46 प्रकरणों में 2,63,75,617 रुपये, चेक बाउंस के 232 प्रकरणों में 5,53,68,184 रुपये, विद्युत अधिनियम के 12 प्रकरणों में 1,45,949 रुपये तथा अन्य सिविल प्रकृति के 39 प्रकरणों में 62,03,594 रुपये के अवॉर्ड पारित किए गए। इसी प्रकार अन्य प्रकृति के 86 प्रकरणों में 1,24,81,379 रुपये के अवॉर्ड पारित हुए। इसके अतिरिक्त राजीनामा योग्य दांडिक प्रकरणों के 171, पारिवारिक विवाद के 99, श्रम विवाद का 1 तथा यातायात चालान के 100 प्रकरण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निराकृत किए गए। न्यायालयों में लंबित ७८६ प्रकरणों पर हुआ राजीनामा इस प्रकार न्यायालयों में लंबित कुल 786 प्रकरणों का दोनों पक्षों की सहमति से राजीनामा कर अंतिम निराकरण किया गया। वहीं प्रिलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक बकाया वसूली के 21 प्रकरणों में 23,86,405 रुपये, नगर निगम/नगरपालिका के जलकर के 242 प्रकरणों में 11,69,445 रुपये, विद्युत विभाग के 265 प्रकरणों में 30,45,121 रुपये तथा संपत्तिकर के 158 प्रकरणों में 17,61,989 रुपये की वसूली हुई। इस प्रकार कुल 1472 प्रकरण आपसी राजीनामा के आधार पर निराकृत किए गए, जिनमें 10,95,94,283 रुपये से अधिक की अवॉर्ड राशि पारित की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश राकेश सिंह ने सफल नेशनल लोक अदालत के आयोजन पर समस्त न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा पक्षकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। ईएमएस/मोहने/ 14 मार्च 2026