नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि एमएस धोनी के बिना चेन्न्ई सुपर किंग (सीएसके) और इंडिन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की कल्पना करना बेहद मुश्किल है। हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि आईपीएल 2026 संभवतः धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है। पठान ने एक बातचीत में कहा कि धोनी अब टीम के भविष्य को तैयार करने की भूमिका निभा सकते हैं और युवा खिलाड़ियों को नेतृत्व के लिए तैयार करेंगे। पठान के अनुसार, धोनी की मौजूदगी मैदान के अंदर ही नहीं बल्कि ड्रेसिंग रूम में भी टीम के लिए बेहद अहम होती है। उन्होंने कहा कि भले ही यह साफ नहीं है कि धोनी इस सीजन में कितने मुकाबले खेलेंगे, लेकिन उनकी उपस्थिति टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। पठान का मानना है कि धोनी फ्रेंचाइजी के भविष्य के नेताओं को तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीम में सजू सैमसन और रुतुराज ग्वायकाड़ जैसे खिलाड़ियों को नेतृत्व समूह का हिस्सा बनाया जा सकता है। रुतुराज पहले से ही टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी और संभावित लीडर माने जाते हैं। पठान के मुताबिक फ्रेंचाइजी भविष्य को ध्यान में रखते हुए दो या तीन खिलाड़ियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी के लिए तैयार कर रही है, ताकि आने वाले वर्षों में टीम मजबूत बनी रहे। पठान ने यह भी कहा कि इस सीजन में धोनी की फिटनेस, बल्लेबाजी क्रम और खेलने वाले मैचों की संख्या को लेकर कई सवाल उठेंगे। उनके अनुसार इन सवालों का जवाब केवल टीम मैनेजमेंट ही दे सकता है। हालांकि उन्हें उम्मीद है कि चेन्नई सुपर किंग्स इस बार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए धोनी को शानदार विदाई देने की कोशिश करेगी और छठी बार आईपीएल खिताब जीतने का लक्ष्य रखेगी। गौरतलब है कि धोनी आईपीएल की शुरुआत से ही इस लीग का हिस्सा रहे हैं और चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी की पहचान बन चुके हैं। वह आईपीएल 2026 में अपना 19वां सीजन खेलने के लिए तैयार हैं। उनकी कप्तानी में सीएसके ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है, जो उन्हें लीग के सबसे सफल कप्तानों में शामिल करता है। बतौर बल्लेबाज भी धोनी का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने आईपीएल में 278 मैच खेलते हुए 5439 रन बनाए हैं। इसके अलावा विकेटकीपर के तौर पर भी उनका योगदान शानदार रहा है। धोनी अब तक 158 कैच लेने के साथ 47 स्टंपिंग कर चुके हैं। यही वजह है कि वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल विकेटकीपर-बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और फैंस के लिए आज भी सबसे बड़े आकर्षण बने हुए हैं। डेविड/ईएमएस 15 मार्च 2026