खेल
15-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। नए सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी टूर्नामेंट को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आईपीएल का इतिहास ऐसे कई यादगार पलों से भरा है, जिन्होंने इस लीग को दुनिया की सबसे रोमांचक टी20 प्रतियोगिता बना दिया। इन्हीं में से एक यादगार प्रदर्शन 2019 में देखने को मिला था, जब एक गेंदबाज ने अपने घातक स्पेल से क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। यह कारनामा वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने किया था, जो उस समय मुंम्बई इंडियंस की ओर से खेल रहे थे। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ ऐसा गेंदबाजी प्रदर्शन किया, जो आज भी आईपीएल इतिहास का सबसे बेहतरीन स्पेल माना जाता है। जोसेफ ने सिर्फ 3.4 ओवर यानी 16 गेंदों में 12 रन देकर 6 विकेट झटके थे। उनकी इस घातक गेंदबाजी के सामने हैदराबाद के बल्लेबाज टिक ही नहीं पाए और पूरी टीम बिखर गई। यह आंकड़ा आज भी आईपीएल इतिहास की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के रूप में दर्ज है। उस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 136 रन बनाए थे। टी20 क्रिकेट के लिहाज से यह स्कोर ज्यादा बड़ा नहीं माना जाता। आज के दौर में कई टीमें इतने रन शुरुआती कुछ ओवरों में ही बना लेती हैं। ऐसे में उस समय यह माना जा रहा था कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 137 रन का लक्ष्य हासिल करना ज्यादा मुश्किल नहीं होगा। लेकिन मैच का असली मोड़ तब आया जब अल्जारी जोसेफ ने गेंद संभाली। उनकी तेज और सटीक गेंदबाजी के सामने हैदराबाद के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। विकेटों की झड़ी लग गई और टीम संभल ही नहीं पाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम 17.4 ओवर में सिर्फ 96 रन पर सिमट गई। इस तरह मुंबई इंडियंस ने मुकाबला 40 रन से अपने नाम कर लिया। टी20 क्रिकेट में इतना बड़ा अंतर खासकर लो स्कोरिंग मैच में काफी दुर्लभ माना जाता है। इस जीत की सबसे बड़ी वजह अल्जारी जोसेफ की जादुई गेंदबाजी रही, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनका यह स्पेल आज भी आईपीएल इतिहास के सबसे यादगार और खतरनाक गेंदबाजी प्रदर्शनों में गिना जाता है, जिसे क्रिकेट प्रशंसक लंबे समय तक याद करते रहेंगे। डेविड/ईएमएस 15 मार्च 2026