खेल
15-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। क्रिकेट में प्लेयर आफ द मैच अवॉर्ड किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद खास माना जाता है। आम तौर पर यह सम्मान उस खिलाड़ी को दिया जाता है, जिसने बल्ले, गेंद या फील्डिंग से मैच पर सबसे बड़ा असर डाला हो। लेकिन क्रिकेट इतिहास में एक ऐसा भी खिलाड़ी रहा है जिसने न तो कोई रन बनाए, न ही कोई विकेट लिया और फील्डिंग में भी कोई खास कमाल नहीं किया, इसके बावजूद उसे मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। यह अनोखा कारनामा वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज कैमरन कफी के नाम दर्ज है। दरअसल यह घटना 2001 में वेस्टइंडीज और जिम्बावबे के बीच खेले गए एक वनडे मुकाबले की है। इस मैच में कफी ने गेंदबाजी करते हुए कोई विकेट नहीं लिया, लेकिन उनकी बेहद किफायती गेंदबाजी ने मैच का रुख तय कर दिया। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 20 रन दिए और दो मेडन ओवर भी फेंके। जिम्बाब्वे के बल्लेबाज उनकी गेंदों पर रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए। भले ही विकेट उनके खाते में नहीं आया, लेकिन रन रोकने में उनकी अहम भूमिका के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह मुकाबला हरारे में खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 266 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने अच्छी कोशिश की, लेकिन वेस्टइंडीज की सधी हुई गेंदबाजी के सामने वह नौ विकेट पर 239 रन ही बना सकी। इस तरह वेस्टइंडीज ने मुकाबला 27 रन से जीत लिया। मैच के दौरान कफी की कसी हुई गेंदबाजी ने विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा, जिसने अंततः वेस्टइंडीज की जीत में अहम भूमिका निभाई। अगर कफी के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो वह दाएं हाथ के मीडियम-फास्ट गेंदबाज थे और 1995 से 2002 तक वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने कई मौकों पर अपनी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान किया। कफी नई गेंद से विकेट निकालने की क्षमता रखते थे और टीम के भरोसेमंद गेंदबाजों में गिने जाते थे। अपने टेस्ट करियर में कफी ने 15 मैचों में 45 विकेट हासिल किए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 102 रन देकर पांच विकेट लेना रहा। इसके अलावा उन्होंने बल्लेबाजी में भी योगदान दिया और टेस्ट क्रिकेट में 400 से ज्यादा रन बनाए। वहीं वनडे प्रारूप में उन्होंने 41 मैचों में 41 विकेट अपने नाम किए। भले ही उनका करियर बहुत लंबा नहीं रहा, लेकिन बिना विकेट लिए प्लेयर ऑफ द मैच बनने की उनकी कहानी आज भी क्रिकेट इतिहास की सबसे दिलचस्प घटनाओं में गिनी जाती है। डेविड/ईएमएस 15 मार्च 2026