खेल
15-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। क्रिकेट इतिहास में कई ऐसे रिकॉर्ड बने हैं जिन्हें तोड़ना आज भी लगभग असंभव माना जाता है। खासकर टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजों द्वारा एक ही सीरीज में बनाए गए विशाल स्कोर आज भी क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर देते हैं। टेस्ट क्रिकेट के करीब 149 साल के इतिहास में केवल दो बल्लेबाज ही ऐसे हुए हैं जिन्होंने एक ही सीरीज में 900 से ज्यादा रन बनाए। कई दिग्गज खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन कुछ पारियां ऐसी रहीं जो रिकॉर्ड बुक में हमेशा के लिए दर्ज हो गईं। इस सूची में सबसे ऊपर नाम आता है ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रेडमैन का। उन्होंने 1930 की दा एशेज सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया जिसे आज भी क्रिकेट का चमत्कार कहा जाता है। ब्रैडमैन ने पांच मैचों की उस सीरीज में 139.14 की औसत से 974 रन बनाए थे, जो एक टेस्ट सीरीज में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इस ऐतिहासिक सीरीज में उन्होंने 334 रन की तिहरी पारी के साथ दो दोहरे शतक भी लगाए थे। लगभग एक सदी बीतने के बाद भी यह रिकॉर्ड अटूट बना हुआ है। दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के महान बल्लेबाज वॉली हैमंड का नाम आता है। उन्होंने 1928-29 की एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 905 रन बनाए थे। पांच मैचों की इस सीरीज में उनका औसत 113.12 रहा। हैमंड उस समय एक सीरीज में 900 रन का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने इस सीरीज में लगातार दो दोहरे शतक भी जड़े थे, जिससे उनका प्रदर्शन और भी यादगार बन गया। तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर हैं। उन्होंने 1989 की एशेज सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए छह मैचों में 83.90 की औसत से 839 रन बनाए थे। टेलर ने उस सीरीज में इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी और अपने प्रदर्शन से खुद को आधुनिक युग के बेहतरीन ओपनरों में शामिल कर लिया था। चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के ही दिग्गज बल्लेबाज रॉबर्ट नील हार्वे का नाम आता है। उन्होंने 1952-53 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 834 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 92.66 का रहा। हार्वे की तकनीक और धैर्य ने उस समय दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को काफी परेशान किया था। इस सूची में पांचवें स्थान पर वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स हैं। उन्होंने 1976 में इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 829 रन बनाए थे। उनकी औसत 118.42 रही और उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उस दौर में गेंदबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थीं। खास बात यह रही कि रिचर्ड्स ने यह कारनामा सिर्फ चार मैचों में ही कर दिखाया था, जो उनकी महान बल्लेबाजी का प्रमाण माना जाता है। डेविड/ईएमएस 15 मार्च 2026