मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के धारावी इलाके में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पति ने काला जादू करने के शक में इस लोमहर्षक घटन को अंजाम दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने वीडियो कॉल करके अपने बेटे को लाश दिखाई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। प्राप्त खबर के अनुसार आरोपी का नाम अमृत सोलंकी (58 साल) है। जबकि मृतक महिला का नाम सूरजबेन सोलंकी है। अमृत सोलंकी अपनी पत्नी के साथ धारावी में रहता है। जबकि उसका बेटा शिवराम सोलंकी (33 साल) मुलुंड में रहता है। शुक्रवार दोपहर को आरोपी अमृत ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। काला जादू करने के शक में उसने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। उसने उस पर बोतल से भी हमला किया था। उसके बाद उसने वीडियो कॉल करके अपने बेटे को अपनी मां की लाश दिखाई। मां को कुछ हो गया था, इसलिए अमृत का बेटा शिवराम डर के मारे मुलुंड से धारावी में अपने घर आ गया। उस समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसलिए उसने अपने पिता को फ़ोन किया लेकिन उन्होंने फ़ोन नहीं उठाया। इसके बाद शिवराम ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। धारावी पुलिस मौके पर पहुँची और घर का दरवाज़ा तोड़ा। उन्होंने महिला का शव कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर अमृत सोलंकी को गिरफ़्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है और पुलिस मामले की जाँच कर रही है। संजय/संतोष झा- १५ मार्च/२०२६/ईएमएस