राज्य
15-Mar-2026


- पहले वोकेशनल और ओपन इलेक्टिव विषयों को अपडेट करना होगा - सात अप्रैल तक सामान्य शुल्क के साथ परीक्षा आवेदन जमा कर सकेंगे। - करीब 60 हजार विद्यार्थी द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षा में शामिल होंगे। भोपाल (ईएमएस)। बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय(बीयू)ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सत्र 2025-26 की द्वितीय और तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षाओं के लिए आनलाइन आवेदन प्रक्रिया घोषित कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा फार्म 16 मार्च से भरे जाएंगे। इसके अनुसार बीए, बीकाम, बीएससी, होम साइंस, बीबीए, बीसीए, बीए मैनेजमेंट और बीपीईएस पाठ्यक्रमों के नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थी एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। विद्यार्थी सात अप्रैल तक सामान्य शुल्क के साथ परीक्षा आवेदन जमा कर सकेंगे। इन पाठ्यक्रमों के करीब 60 हजार विद्यार्थी द्वितीय और तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षा में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा फार्म भरने से पहले कालेजों को विद्यार्थियों के विषयों को आनलाइन अपडेट करना होगा। मेजर और माइनर विषयों के अलावा विद्यार्थियों द्वारा चुने गए अन्य विषयों की जानकारी भी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। विषय अपडेट करते समय ओपन इलेक्टिव, वोकेशनल और प्रोजेक्ट पेपर का चयन विशेष सावधानी से करना होगा। वहीं विवि प्रबंधन ने बताया कि तीसरे समूह के ओपन इलेक्टिव विषय का चयन होने के बाद उसमें संशोधन की अनुमति नहीं होगी। इसलिए विद्यार्थियों और कॉलेज प्रबंधन को विषय चयन के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जो विद्यार्थी समय पर आवेदन नहीं कर पाएंगे। वे आठ से 10 अप्रैल तक 300 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म भर सकेंगे। विनोद / 15 मार्च 26