राज्य
15-Mar-2026


सीमांकन के बाद भी कार्रवाई नहीं जबलपुर, (ईएमएस)। पाटन तहसील के ग्राम गुरु पिपरिया में श्मशान भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन और पंचनामा तैयार किए जाने के बावजूद तहसील प्रशासन ने अब तक कब्जा हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इससे गांव में नाराजगी और असंतोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर श्मशान भूमि का सीमांकन किया था। सीमांकन के दौरान कथित कब्जाधारी पक्ष के विवेक शर्मा, विश्वरतन शर्मा और मूलचंद शर्मा भी मौजूद थे। इस दौरान सीमांकन को लेकर विवाद की स्थिति भी बनी थी। बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम का उल्लेख राजस्व निरीक्षक द्वारा तैयार पंचनामा में दर्ज है। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व अभिलेखों में संबंधित भूमि स्पष्ट रूप से श्मशान भूमि के रूप में दर्ज है, जो सार्वजनिक उपयोग की जमीन है। इसके बावजूद सीमांकन और पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद भी अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। मामले को लेकर ग्रामीण लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि शासकीय भूमि का सीमांकन हो जाने के बाद भी कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है। गांव में यह चर्चा भी तेज है कि कहीं किसी प्रकार के दबाव या लेन-देन के चलते कार्रवाई को टाला तो नहीं जा रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि श्मशान भूमि का उपयोग पूर्ववत सार्वजनिक हित में हो सके। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुनील साहू / शहबाज / 15 मार्च 2026/ 06.00