राज्य
15-Mar-2026


- प्रदेश में अब तक 1 लाख 1 हजार 745 घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में 383.78 मेगावॉट बिजली का उत्पादन सिर्फ घरों की छतों पर ही हो रहा है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 1 हजार 745 घरों पर सोलर पैनल स्थापित हो चुके हैं। इस मामले में मध्य प्रदेश देश में सातवें पायदान पर है। मध्य प्रदेश में उपभोक्ता बैंक से लोन लेकर रूफ टॉप सोलर पैनल लगवा रहे हैं। इनमें से 75 फीसदी लोगों ने लोन लिया है। इसकी वजह इसकी हर माह आने वाली किश्त है, जो हर माह आने वाले बिजली के बिल से भी कम होती है। उधर पूरे देश में अभी तक 25 लाख 45 हजार घरों पर सोलर पैनल स्थापित हो चुके हैं। मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के अपर मुख्य सचिव मुन श्रीवास्तव कहते हैं कि मध्य प्रदेश में सोलर के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। 2030 तक 20 गीगावॉट अक्षय ऊर्जा क्षमता का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इस दिशा में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में भी मध्य प्रदेश तेजी से काम कर रहा है। मध्य प्रदेश में अभी तक 1 लाख से ज्यादा घरों पर सोलर पैनल स्थापित हो चुके हैं। यह संख्या हर साल बढ़ रही है। अपर मुख्य सचिव मुन श्रीवास्तव ने बताया कि मध्य प्रदेश में साल 2024 में 20 हजार 706 रूफ टॉप सोलर पैनल स्थापित हुए थे, जबकि साल 2025 में 62 हजार 955 हजार सोलर पैनल स्थापित हुए हैं। जबकि इस साल अभी तक 18 हजार 84 सोलर पैनल लग चुके हैं। मध्य प्रदेश की छतों पर अब 383.78 मेगा वॉट बिजली का उत्पादन हो रहा है। मध्य प्रदेश इस मामले में टॉप टेन राज्यों में शामिल है। मध्य प्रदेश में इस योजना के तहत अभी तक 723.74 करोड़ की सब्सिडी बांटी जा चुकी है। किस राज्य में कितने लग चुके सोलर पैनल रूफटॉप सोलर पैनल के मामले में गुजरात शीर्ष पर है। गुजरात में अभी तक 5.78 लाख रूफटॉप सोलर पैनल स्थातिप हो चुके हैं। गुजरात में इस साल 2 माह के अंदर ही 63 हजार से ज्यादा रूफटॉप सोलर पैनल लग चुके हैं, जबकि दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है। यहां 4 लाख 71 हजार 509 सोलर पैनल लग चुके हैं। महाराष्ट्र में इस साल अब तक 79 हजार 639 रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित हो चुके हैं। मध्य प्रदेश के आगे इन दो राज्यों के अलावा उत्तर प्रदेश, केरल, राजस्थान, आंध्रप्रदेश हैं। राज्य रूफटॉप सोलर पैनल की संख्या महाराष्ट्र - 4 लाख 71 हजार 509 गुजरात - 5 लाख 78 हजार 324 उत्तर प्रदेश - 3 लाख 98 हजार 292 केरल - 2 लाख 2 हजार 334 राजस्थान - 1 लाख 50 हजार 129 आंध्र प्रदेश - 1 लाख 7 हजार 503 मध्य प्रदेश - 1 लाख 1 हजार 745 असम - 95 हजार 685 उत्तराखंड - 69 हजार 109 हरियाणा - 59 हजार 877 बैंक से लोन लेकर लगवा रहे रूफटॉप सोलर पैनल ऊर्जा विकास निगम के अधिकारी बताते हैं कि मध्य प्रदेश में अभी तक जितने भी रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित हुए हैं। उनमें 75 फीसदी उपभोक्ताओं ने इसे बैंक से लोन लेकर लगवाया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत वेंडर के रूप में काम कर रहे धर्मेन्द्र चौबे बताते हैं कि बैंक से लोन लेने के बाद भी इसकी जो किश्त आती है, वह उनके मौजूदा बिजली बिल से कम होते हैं। आमतौर पर यह लोन 5.75 वार्षिक ब्याज दर पर मिलता है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जो सब्सिडी मिलती है, वह बैंक में जमा करने के बाद लिया गया लोन अगले 5 सालों में आसानी से चुकता हो जाता है। 78 हजार रुपए तक मिलती है सब्सिडी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने पर 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसमें 1 किलोवॉट सिस्टम लगवाने पर 30 हजार रुपए की सब्सिडी, 2 किलोवॉट सिस्टम के लिए 60 हजार रुपए की सब्सिडी और 3 किलोवॉट या उससे अधिक का सिस्टम लगवाने पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जाती है। यह सब्सिडी सोलर पैनल स्थापित होने और उसके बिजली उत्पादन शुरू होने के 40 दिनों के अंदर सीधे उपभोक्ता के खाते में पहुंच जाती है। विनोद / 15 मार्च 26