15-Mar-2026
...


- वर्षों से फरार आरोपी न्यायालय में पेश किये गये जबलपुर, (ईएमएस)। अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए सम्पत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देशन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कांबिंग गश्त 14 मार्च की रात 9 बजे से 15 मार्च की रात 2 बजे पूरे जिले में की गई, इस दौरान कई वर्षों से फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 132 गैर-म्यादी वारंट, 81 गिरफ्तारी वारंट और 67 जमानती वारंट तामील किए। अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बच रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की चेकिंग की गई। देर रात घूमने वालों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। एसपी सम्पत उपाध्याय ने बताया कि जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और कानून का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गश्त में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी सहित सभी नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारियों की मौजूदगी रही। क्राइम ब्रांच की टीमों को भी विशेष रूप से लगाया गया। सुनील साहू / शहबाज / 15 मार्च 2026