15-Mar-2026
...


- लाखो का कर्जा होने पर एकाउटेंट ने बताया था लूट का आइडिया - 35 लाख नगदी, दो बाइके, स्कूटी, ऑटो, मोबाइल जप्त, तीन बदमाश फरार भोपाल(ईएमएस)। शहर के श्यामला हिल्स इलाके की स्मार्ट रोड पर रियल स्टेट का कारोबार करने वाले वाले भाइयों से 55 लाख रुपए की लूट करने वाले 12 आरोपियो केा गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35 लाख रूपये बरामद किये है। मामले में पुलिस अन्य आरोपियो की तलाश कर रही है, जिनकी गिरफ्तारी के बाद लूटी गई और रकम की रिकवरी हो सकेगी। - यह था मामला जानकारी के अनुसार गुजरात के मेहसाणा निवासी तारक बरोठे (27) अपने भाई के साथ स्कूटर के साथ हनुमानगंज इलाके से चुनाभट्टी स्थित घर लौट रहे थे। रंग पंचमी की रात वह घोड़ा नक्कास इलाके से 55 लाख 50 हजार रुपये का कलेक्शन लेकर जा रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों भाई स्मार्ट सिटी रोड स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र के पास पहुंचे, तभी दो बाइक पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू अड़ाकर रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग निकले, पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया था। घटना के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए इसके बाद आरोपियों की पहचान हो गई। पुलिस की 10 टीमें उनकी तलाश में लगी हुई थीं। - यह है डकैती करने वाले दर्जन भर बदमाश पुलिस टीमो ने आखिरकार आरोपियो की पहचान करते हुए उनमें से हैदर उर रहमान पिता तस्लीम उर रहमान, निवासी, पीरगेट थाना, कोतवाली, फाबिल उर्फ भूरा पिता आसिफ अली, निवासी प्रतापनगर थाना श्यामलाहिल्स,अलफेज अली पिता इरशाद अली (18) निवासी लक्ष्मीगंज गल्ला मण्डी थाना जहाँगीराबाद,मुज्जमिल पिता शमी हसन निवासी पठार वाली गली जीपीओ के पास थाना कोतवाली स्थायी पता कजलीखेडा, शान डिसेन्ट उर्फ उमाम पिता जावेद खान निवासी खानूगाँव थाना कोहेफिजा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया की इन पॉचो बदमाशो ने ही मौके पर जाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं अन्य गिरफ्तार बदमाशो में शामिल सोहेल उर्फ गुड्डा निवासी हाउसिंग बोर्ड करोंद ने लूट की रकम को अपने पास रखा था। आरोपी अनवर शेख निवासी मंगलवारा,अब्दुल नवेद निवासी बागफरहत अफजा ऐशबाग, शानू उर्फ साजिल अहमद निवासी जहाँगीराबाद, सलमान समद निवासी,चौकी इमामबाडा थाना कोतवाली, गौरव चेतवानी निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी थाना टीलाजमालपुरा और फैसल खान निवासी अर्जुननगर थाना एमपीनगर ने डकैती की योजना तैयार की थी। - यह आरोपी है फरार मामले में डकैती डालने वाले गिरोह के 12 गिरफ्तार बदमाशो के अलावा उनके अन्य साथी फरदीन, जावेद,आसिम व अन्य फरार है जिनकी तलाश की जा रही है। - 35 लाख नगदी, दो बाइके, स्कूटी, ऑटो, मोबाइल जप्त पुलिस ने दबोचे गये आरोपियो से करीब 35 लाख की नगदी, दो बाइके, एक्सेस स्कूटी, सवारी आटो,9 मोबाईल जप्त किये है। - लाखो का कर्जा होने पर एकाउटेंट गौरव का था लूट का आइडिया पूछताछ में सामने आया की डकैती की योजना बनाने वाला मास्टरमांइड आरोपी गौरव चेतवानी है, जो एकाउटेंट का काम करता है। वह आनलाईन सट्टा खेलने का शोकीन था, जिसके चलते उसके ऊपर करीब 4-5 लाख का कर्ज हो गया था। उसे इस बात की जानकारी थी की हवाला का पैसा इधर से उधर जाता रहता है। इसलिये उसने ये बात अपने दोस्त अनवर शेख को बताकर योजना बनाई। अनवर शेख ने अपने दोस्त अब्दुल नवेद से हवाला का पैसा लूटने की बात कही। नवेद ने अपने दोस्त आसिम से बात की। घटना के एक दिन पहले आसिम, नवेद, सलमान, शानू, भोपाल टाकीज के पास मिले। उन सबने जिन्होंने हवाला का पैसा लूटने की योजना बनाई। उसी दिन नवेद,आसिम,फैसल व अनवर ने हवाला का पैसा ले जाने के पूरे रूट की रैकी की। फिर शानू ने शान, हैदर व फरदीन को हवाला के पैसे लूटने को बोला और उन्हें समझाया कि तुम्हे कुछ नही करना है, बस पैसा ले जाने वालो की गाडी में टक्कर मारकर गाडी को रोकना है। पैसा पीछे से दूसरे लोग उठा लेंगे। - प्लानिंग के तहत इस तरह की गई डकैती योजना के मुताबिक 7 मार्च को पालिटेक्निक चौराहे पर शान, फरदीन, हैदर, मुज्जमिल, अल्फेज, एवं भूरा बारदात करने के लिये जमा हुए। गौरव चेतवानी ने हवाला का पैसा ले जाने वाले व्यक्तियो के पहने हुये कपडे व हुलिया के बारे में और उनकी गाडी की लोकेशन की पूरी जानकारी अनवर शेख को दी। अनवर शेख अपने दोस्त फैसल को साथ लेकर पैसा ले जाने वाली एक्टिवा का पीछा करने लगा। अनवर द्वारा पैसा ले जाने वालो की जानकारी नवेद को दी गई। नवेद ने यह बात शानू को बताई। शानू ने शान उर्फ डिसेन्ट को जानकारी दी कि गाडी पालिटेक्निक के पास आने वाली है। थोडी देर बाद हवाला का पैसा ले जाने वाले व्यक्ति पालिटेक्निक से स्मार्ट सिटी रोड की तरफ जैसे ही जाने लगे तो योजना के मुताबिक पूर्व से पालिटेक्निक चौराहे पर खडे शान,फरदीन,हैदर,मुज्जमिल,अल्फेज और फाजिल उर्फ भूरा अपनी दो एक्सेस गाडी से उनका पीछा करने लगे। आंचलिक विज्ञान केन्द्र के पास शान ने पैसा ले जा रहे व्यक्तियो की एक्टिवा के आगे अपनी गाडी अडा दी और अल्फेज ने गाडी पीछे से अडा दी फिर फरदीन व फाजिल उर्फ भूरा ने अपने पास रखी छुरी निकालकर पैसा ले जा रहे लोगो को डर-धमकाकर उनसे पैसा छीन कर भाग गये। - पुराने अपराधी है पकड़े गये बदमाश पकड़े गये आरोपियो नमें हैदर उर रहमान और फाजिल उर्फ भूरा के खिलाफ पॉच-पॉच, अलफेज अली और मुज्जमिल, सोहेल उर्फ गुड्डा, अनवर शेख, अब्दुल नवेद के खिलाफ एक-एक, शान डिसेन्ट उर्फ उमाम के खिलाफ 10, शानू उर्फ साजिल अहमद, सलमान, गौरव चेतवानी, और फैसल खान के खिलाफ भी एक-एक अपराधिक प्रकरण दर्ज है। जुनेद / 15 मार्च