भोपाल(ईएमएस)। रायसेन से आई एक महिला डीआईजी बंगला चौराहा स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ में अपना एटीएम कार्ड भूल गईं। उस पर पिन नंबर भी लिखा था। किसी अज्ञात बदमाश ने उस एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर अलग-अलग बार में 46 हजार रुपए निकाल लिए। घटना नवंबर 2025 की है। महिला के भाई ने शिकायती आवेदन दिया था। जांच के बाद गौतम नगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से रायसेन निवासी आसिफ अली (33) की बहन नवंबर 25 में भोपाल आई थीं। एक नवंबर को उन्होंने डीआईजी बंगला चौराहा स्थित एसबीआई के एटीएम से पैसे निकाले और अपना एटीएम कार्ड बूथ में ही भूल गईं। उस पर गुप्त पिन नंबर भी लिख रखा था। एटीएम कार्ड किसी बदमाश के हाथ लगा और उसने कार्ड और पिन नंबर का इस्तेमाल कर दो से तीन बार में 46 हजार रुपए खाते से निकाल लिए। आसिफ अली के शिकायती आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस की टीम उस समय के एटीएम बूथ में लगे कैमरे के फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है। जुनेद / 15 मार्च