राज्य
15-Mar-2026
...


* गर्डर व ट्रेस लांचिंग की प्लानिंग पर चर्चा, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं-20 लिफ्ट, 20 एस्केलेटर और विशाल कॉन्कोर्स हॉल होगा तैयार अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने अधिकारियों की टीम के साथ साबरमती रेलवे स्टेशन पर चल रहे री-डेवलपमेंट (पुनर्विकास) कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में जारी निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान साबरमती स्टेशन के रि-डेवलपमेंट के कार्यों में गर्डर व ट्रेस लांचिंग के प्लानिंग के विषय पर चर्चा की गई। प्लानिंग में ट्रेन मूवमेंट व ब्लॉक के बारे में भी विचार विमर्श किया गया। इस दौरान निर्माण विभाग के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर डी.आर.चौधरी व अन्य अधिकारी मौजूद थे। साबरमती स्टेशन रि-डेवलपमेंट होने पर कॉन्कोर्स क्षेत्र में विशाल वेटिंग हॉल एवं फूड प्लाजा जैसी आधुनिक सुविधाए भी होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर आराम एवं खानपान की सुविधा प्राप्त होगी। कॉन्कोर्स का क्षेत्रफल लगभग 110×36 वर्गमीटर होगा। वहीं हाई-रूफ का आकार 122×171 मीटर तथा 88×110 मीटर होगा, जिससे कुल लगभग 30,542 वर्गमीटर क्षेत्र ट्रैकों के ऊपर कवर होगा। यह छत प्लेटफॉर्म से लगभग 65 फीट की ऊंचाई पर स्थापित की जा रही है। स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत यात्रियों की सुगमता हेतु 20 लिफ्ट, 20 एस्केलेटर तथा 20 सीढ़ियों का प्रावधान किया जा रहा है। इन आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी। डीआरएम ने यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर विकसित की जा रही आधुनिक यात्री सुविधाओं, स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म क्षेत्र और अन्य बुनियादी ढांचे का भी अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को जल्द ही बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। सतीश/15 मार्च