:: 28 से 30 मार्च तक गांधी हॉल में होगा आयोजन, उच्च शिक्षित प्रत्याशियों का रहेगा जमावड़ा :: इंदौर (ईएमएस)। ब्रह्मलीन समाजसेवी मिश्रीलाल गोयल की स्मृति में अग्रवाल महासभा द्वारा 28 से 30 मार्च तक गांधी हॉल परिसर में आयोजित किए जा रहे अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। सम्मेलन के लिए अब तक 830 प्रविष्ठियां प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें 450 युवक, 340 युवतियां और 40 विशिष्ट श्रेणी के प्रत्याशी शामिल हैं। महासभा के समन्वयक संतोष गोयल, अध्यक्ष डॉ. सतीश गोयल एवं महामंत्री अजय बंसल ने बताया कि प्राप्त प्रविष्ठियों में अधिकांश प्रत्याशी डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, सीएस और सॉफ्टवेयर इंजीनियर जैसे उच्च पदों पर कार्यरत हैं। कई प्रत्याशियों के पैकेज 50 लाख रुपये तक के हैं। सम्मेलन में उत्तर भारत के हिंदी भाषी राज्यों के साथ-साथ देश-विदेश से प्रविष्ठियां मिल रही हैं। आयोजन समिति को इस वर्ष 2 हजार से अधिक प्रविष्ठियां आने की उम्मीद है। रविवार को हुई आयोजन समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन स्थल पर मूक पक्षियों के लिए सकोरों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। प्रत्याशियों का विवरण मेगा स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा और निहारिका गैलरी के जरिए सभी प्रविष्ठियों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। सम्मेलन के लिए सचित्र परिचय पुस्तिका का प्रकाशन भी शुरू हो गया है। बैठक में गोविंद सिंघल, मनीष जैन, रमेश तायल सहित समाज के कई पदाधिकारी और मातृशक्ति उपस्थित थी। प्रकाश/15 मार्च 2026