ट्रेंडिंग
16-Mar-2026
...


-हिमाचल की 150 से ज्यादा सड़कें बंद, अगले 6 दिन तक बारिश-बर्फबारी की चेतावनी शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी के कारण रविवार रात सैकड़ों पर्यटक अटल टनल रोहतांग के आसपास फंस गए। सड़क पर जमी बर्फ और बढ़ी फिसलन के कारण करीब एक हजार वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पर्यटकों को पूरी रात गाड़ियों में ही बितानी पड़ी। जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति जिले के कई इलाकों, जिनमें सिस्सू, कोकसर और शिंकुला शामिल हैं में रविवार दोपहर बाद भारी बर्फबारी हुई। दिन के समय पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेते रहे, लेकिन शाम को जब वे मनाली लौटने लगे, तब तक सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम चुकी थी। इससे वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया और टनल के नॉर्थ व साउथ पोर्टल पर लंबा जाम लग गया। कड़ाके की ठंड में पर्यटकों को रातभर सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। जानकारी अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। चम्बा, शिमला, कुल्लू, मंडी, लाहौल-स्पीति, किन्नूर और कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके कारण राज्य में 150 से अधिक सड़कें फिसलन और बर्फ जमने से बंद हो गई हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला अगले छह दिन तक जारी रह सकता है। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ने के बाद 18 से 20 मार्च के बीच फिर सक्रिय होगा, जिससे पूरे प्रदेश में तेज बारिश और बर्फबारी हो सकती है। आंधी-तूफान का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज मौसम में अचानक आए बदलाव से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे मार्च के महीने में फिर से जनवरी-फरवरी जैसी ठंड महसूस होने लगी है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। ऐसे में हिमाचल आने वाले पर्यटकों को पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है। हिदायत/ईएमएस 16मार्च26