-सिविल सेवा परीक्षा 2025 के सफल अभ्यर्थियों को संस्थान की गरिमा बनाए रखने और पेशेवर आचरण अपनाने की सलाह नई दिल्ली,(ईएमएस)। यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चयनित उम्मीदवारों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया पर आत्म-प्रचार, व्यक्तिगत ब्रांडिंग और व्यावसायिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी है। यूपीएससी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि सिविल सेवा में चयनित उम्मीदवारों को सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार और संतुलित आचरण बनाए रखना चाहिए। सोशल मीडिया पर किया गया कोई भी अव्यवसायिक या अनुचित पोस्ट न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि बल्कि सेवा और संस्थान की प्रतिष्ठा को भी प्रभावित कर सकता है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी अपनी उपलब्धियों का उपयोग व्यक्तिगत प्रचार, विज्ञापन या व्यावसायिक लाभ के लिए न करें। यूपीएससी के अनुसार, सिविल सेवा में चयन एक सार्वजनिक दायित्व है और इससे जुड़े अधिकारियों से उच्च नैतिक मानकों और पेशेवर व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि चयनित उम्मीदवारों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते समय सावधानी बरतनी चाहिए और ऐसे किसी भी कंटेंट से बचना चाहिए जो सेवा की निष्पक्षता, गोपनीयता या गरिमा पर सवाल खड़ा कर सकता हो। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए इस तरह की सलाह महत्वपूर्ण है। हाल के वर्षों में कई सफल अभ्यर्थी अपने अनुभव साझा करने और व्यक्तिगत ब्रांडिंग के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करते रहे हैं, जिससे कभी-कभी विवाद की स्थिति भी पैदा हो जाती है। यूपीएससी की इस एडवाइजरी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नए चयनित अधिकारी सार्वजनिक सेवा के मूल्यों, निष्पक्षता और संस्थागत मर्यादा को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। हिदायत/ईएमएस 16मार्च26