खूंटी(ईएमएस)।मुरहू प्रखंड के गोड़ाटोली गांव में सोमवार को आगलगी की घटना में जोहन मुंडू का खपड़ैल घर जलकर राख हो गया। इस घटना में घर में रखे लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सामान नष्ट हो गए। आग लगने से घर का छप्पर, खिड़की और दरवाजे पूरी तरह जल गए। वहीं घर के अंदर रखे पलंग, बिस्तर, साइकिल सहित अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गए। हालांकि घर में रखा कुछ अनाज आग की चपेट में आने से बच गया।जानकारी अनुसार सोमवार को मुरहू में साप्ताहिक हाट लगता है। इसी कारण जोहन मुंडू अपने पूरे परिवार के साथ हाट गए हुए थे। इसी दौरान शाम लगभग चार बजे उनके घर में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही शिब्लू खां सहित स्थानीय लोगों ने खूंटी फायर स्टेशन को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कर्मवीर सिंह/16मार्च/26