पानीपत,(ईएमएस)। हरियाणा के पानीपत में रेलवे पटरियों पर मिले 23 वर्षीय युवक कालू की मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे शुरुआत में एक रेल हादसा या आत्महत्या माना जा रहा था, वह दरअसल प्रतिशोध और नफरत से उपजी एक सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि कालू की हत्या उसके ही गांव के तीन युवकों ने महज इसलिए कर दी क्योंकि उसने होली पर आरोपी की प्रेमिका को गुलाल लगा दिया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी संजू समेत उसके दो साथियों, राहुल और विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की इस वारदात का मास्टरमाइंड संजू है, जो होली के दिन हुई एक मामूली घटना से बेहद गुस्से में था। जांच में सामने आया कि होली के दौरान कालू ने संजू की महिला मित्र को रंग लगा दिया था, जिसे संजू ने अपनी मान-मर्यादा पर चोट माना। इसके अलावा, दोनों के बीच पुरानी रंजिश भी चल रही थी। संजू ने पुलिस पूछताछ में बताया कि कुछ समय पहले कालू ने उसकी मोटरसाइकिल उधार ली थी, जिसका एक्सीडेंट हो गया था। कालू ने बाइक की मरम्मत के पैसे देने से इनकार कर दिया था, जिससे संजू पहले से ही खार खाए बैठा था। होली के विवाद ने इस आग में घी का काम किया और संजू ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कालू को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। वारदात के बाद आरोपियों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन जीआरपी की सतर्कता और तकनीकी जांच ने सच सामने ला दिया। मोबाइल फोन की लोकेशन और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर जब पुलिस ने संजू और उसके साथियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद कर लिया है और अब उन्हें कड़ी सजा दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। शराब पिलाकर दिया घटना को अंजाम वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया। घटना की शाम संजू ने कालू को मेल-मिलाप के बहाने घर से बुलाया। इसके बाद तीनों आरोपी उसे लेकर शराब पीने चले गए। योजना के मुताबिक, आरोपियों ने खुद कम शराब पी और कालू को अत्यधिक नशे में धकेल दिया। जब कालू पूरी तरह सुध-बुध खो बैठा, तो आरोपी उसे रेलवे पटरियों के पास ले गए। वहां संजू ने पेचकस से कालू के गले पर हमला किया। हमले के बाद भी जब कालू की सांसें चलती रहीं, तो आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए उसे जीवित अवस्था में ही रेल की पटरी से बांध दिया। नशे और चोट के कारण कालू खुद को छुड़ाने में असमर्थ रहा और ट्रेन गुजरने से उसकी मौत हो गई। वीरेंद्र/ईएमएस/17मार्च2026