आइएसआइएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है, एटीएस कर रही जांच मुरादाबाद,(ईएमएस)। यूपी एटीएस ने मुरादाबाद से एक बीडीएस के छात्र को गिरफ्तार किया है। छात्र पर आतंकी संगठन आइएसआइएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़ा होने का आरोप है। आरोपित सहारनपुर का रहने वाला है और बीडीएस द्वितीय वर्ष का छात्र है। उस पर आरोप है कि यह इंटरनेट मीडिया पर फर्जी अकाउंट्स के जरिए लोगों को आत्मघाती हमला करने के लिए उकसाता था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आतंकी संगठन आइएसआइएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़ा यह छात्र आधी रात तक अपने कमरे में लैपटॉप लेकर बैठा रहता था। वह अक्सर अपने साथियों से कम ही बात करता था। दो साल से मुरादाबाद में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जाता है कि क्लास से आने के तुरंत बाद वह अपना लैपटॉप खोलता। फोन पर बात करते समय भी अधिकांश बार वॉट्सएप कॉल ही करता था। सहारनपुर के छात्र हारिस अली ने दो साल पहले शहर कोठीवाल डेंटल कालेज में बीडीएस करने मुरादाबाद आया था। यहां पर दाखिला लेने के बाद कॉलेज में ही बने हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। क्लास में भी चुप रहता और किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। उसके कॉलेज में दोस्त भी कम हैं। सोमवार को जब यूपी एटीएस ने उसे गिरफ्तार किया तो हर कोई दंग रह गया। इसके बाद पुलिस के अलावा जिले का खुफिया विभाग भी सतर्क हो गया। पुलिस ने अब जांच शुरू कर दी है कि आखिर छात्र शहर में तो किसी से संपर्क में तो नहीं रहा। अब पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है जो हारिस के संपर्क में थे। पुलिस ने कालेज प्रशासन से भी संपर्क किया है। बता दें बीते साल कटघर पुलिस ने आतंकी अल्फत हुसैन को गिरफ्तार किया था। सिराज/ईएमएस 17मार्च26 --------------------------------