राष्ट्रीय
17-Mar-2026


- आगरा में चांदी व्यापारी लूट मामले में लापरवाही आगरा (ईएमएस)। चांदी स्क्रैप व्यापारी के साथ बीते वर्ष हुई लूट के मामले में हाई कोर्ट में जवाब दाखिल नहीं करने व कार्य में लापरवाही बरतने पर रामबाग चौकी इंचार्ज को निलंबित किया गया है। आरोपितों ने जमानत के लिए न्यायालय में जमानत याचिका प्रस्तुत की थी। हाई कोर्ट की ओर से पुलिस अधिकारियों को पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। एत्माद्दौला में बीते वर्ष 25 दिसंबर की रात चांदी स्क्रैप व्यापारी के साथ बदमाशों ने लूट की थी। लाखों रुपये का स्क्रैप और स्कूटी बदमाश लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया था। दो लुटेरे पैर में गोली लगने से घायल हो गए थे। गिरफ्तार किए गए आरोपितों ने जमानत के लिए अपने अधिवक्ता के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका प्रस्तुत की थी। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने मामले में पुलिस प्रशासन ने जांच आख्या मांगी थी। अफसरों के आदेश के बाद भी रामबाग चौकी इंचार्ज अरुण विलगैया ने न्यायालय में जवाब दाखिल नहीं किया। इस पर हाई कोर्ट की ओर से सख्त रुख अपनाया गया था। मामले में डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया। डीसीपी सिटी ने बताया कि चौकी इंचार्ज की ओर से कार्य के साथ ही विवेचनाओं में लापरवाही बरती गई। आम जनता के साथ भी उनका व्यवहार ठीक नहीं होने पर कार्रवाई की गई है। सतीश मोरे/17मार्च ---