नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली में शहीद भगत सिंह कॉलेज के छात्र काबिल प्रोजेक्ट के तहत निर्माण स्थलों के बच्चों को पढ़ा रहे हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा संचालित यह पहल बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा, पेंटिंग, डांस और जीवन कौशल सिखाती है। दक्षिणी दिल्ली में कॉलेज के आस-पास निर्माण स्थलों पर अभिभावकों के साथ समय बिताते बच्चों के हाथों में अब किताबें होने के साथ रोजाना विभिन्न गतिविधियों से नया सबक सीख रहे हैं। ये संभव हुआ है दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से चलाए जा रहे प्रोजेक्ट ‘काबिल’ के तहत। प्रोजेक्ट में एक खास पाठशाला चलाई जा रही है, जहां रोजाना कालेज के छात्र जुटते हैं और जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाकर उनकी जिंदगी में उजाला भरने का प्रयास करते हैं। कॉलेज में एनएसएस की ओर से चलाई जा रही ‘शिक्षा साथी’ पहल से कई छात्र जुड़े हैं, जो विभिन्न इलाकों में जाकर जरूरतमंदों को पढ़ाते हैं। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए पिछले वर्ष अक्टूबर में प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार अत्री के मार्गदर्शन में कॉलेज परिसर में ही खास पाठशाला शुरू की गई थी। इस कक्षा को प्ले एरिया की तरह सजाया गया है और यहां रंगीन किताबों के साथ कई खिलौने भी हैं, जिससे क्लास में आने वाले बच्चे उत्साहित होकर खेल-खेल में सीख सकें। इसमें एडवाइजरी कमेटी के सदस्य प्रो. नमन जैन का भी विशेष सहयोग है। फैकल्टी को-आर्डिनेटर डा. प्रज्ञा नय्यर बताती हैं कि सोमवार से शुक्रवार तक सुबह नौ से 12 बजे तक खास कक्षा लगती है। अभियान से एनएसएस के 40 स्वयंसेवक जुड़े हैं, जिनमें से रोजाना तीन छात्र अपने शेड्यूल के मुताबिक बच्चों को पढ़ाते हैं। इसके अलावा पेंटिंग, डांस, स्टोरीटेलिंग और खेल गतिविधियां भी कराई जाती हैं। बच्चों को गुड टच-बैड टच जैसे जरूरी विषयों की जानकारी भी दी जाती है। स्टूडेंट को-आर्डिनेटर सक्षम भारद्वाज बताते हैं कि सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने के लिए कक्षा को प्ले एरिया का रूप दिया गया है। वहीं बच्चों के जन्मदिन और त्योहार भी मनाते हैं। रोजाना बच्चों को खाने-पीने के लिए भी कुछ दिया जाता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/17/मार्च /2026