क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में देर रात हुए सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक की स्कूटी अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तालापारा निवासी 29 वर्षीय जैद खान स्कूटी से पुराने बस स्टैंड से अग्रसेन चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित होटल हैवन्स पार्क के सामने उसकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई। स्कूटी पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। संयोग से उसी दौरान वहां से गुजर रही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने बिना देर किए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा कि टक्कर बेहद तेज थी, जिससे स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक तौर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय युवक नशे की हालत में हो सकता है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल तारबहार पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों, वाहन की गति व अन्य परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। मनोज राज 17 मार्च 2026