क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


- सरकंडा-मोपका में चोर गैंग का आतंक; आधा दर्जन घरों में चोरी, एक में कोशिश नाकाम - सिलसिलेवार चोरियों के बाद एसएसपी पहुंचे मौके पर, पुलिस ने बढ़ाई गश्त बिलासपुर (ईएमएस)। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र और मोपका इलाके में इन दिनों एक प्रोफेशनल चोर गैंग का आतंक देखने को मिल रहा है। रात में नकाब और ग्लव्स पहनकर आए बदमाशों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए आधा दर्जन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि एक मकान में चोरी का प्रयास नाकाम रहा। चोरों ने मकानों के दरवाजे और ताले तोडकऱ अंदर प्रवेश किया और घरों में रखे जेवर, नकदी और बाइक समेत कई सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। चोरों की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई हैं, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक देर रात इलाके में घूमते और एक घर में चोरी करते नजर आ रहे हैं। चोरी के बाद दरवाजे को लॉक भी कर रहे चोर सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर बेहद प्रोफेशनल तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उनके हाथों में ग्लव्स हैं और चेहरों पर नकाब व मास्क लगा हुआ है। फुटेज में एक चोर घर का ताला और दरवाजा बड़ी सफाई से तोड़ता दिखाई देता है। इसके बाद कुछ ही मिनटों में घर के अंदर घुसकर सामान खंगाल लिया जाता है। इतना ही नहीं, जाते समय बदमाश दरवाजे को दोबारा लॉक कर देते हैं ताकि किसी को तुरंत शक न हो। हाईकोर्ट आवासीय परिसर में भी इसी अंदाज में हुईं थी चोरियां पुलिस को आशंका है कि यही गिरोह कुछ महीने पहले चकरभाठा स्थित हाईकोर्ट आवासीय परिसर में हुई सिलसिलेवार चोरियों में भी शामिल रहा है। इसके अलावा सिविल लाइन क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदातें सामने आ चुकी हैं। जानकारी यह भी सामने आई है कि इस गिरोह ने एक दिन पहले राजनांदगांव जिले में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था और इसके बाद बिलासपुर के सरकंडा-मोपका क्षेत्र में वारदात की। घर का ताला तोडकऱ जेवर और नकदी पार चिल्हाटी स्थित विवेकानंद रेसिडेंसी में रहने वाली विंदा धुरी ने बताया कि 3 मार्च को उनकी सास की मृत्यु होने पर वह अपने गांव बोदरी चली गई थीं। 15 मार्च को पड़ोसी घनश्याम यादव ने फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। घर लौटकर देखा तो मुख्य दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ था और अलमारी में रखे चांदी के पायल, अंगूठी, बिछिया और करीब 5 हजार रुपये नकद गायब थे। मकान में घुसा चोर, लोगों को देखकर भागा मोपका के विवेकानंद नगर फेस-2 में भी चोरी का प्रयास हुआ। यहां रहने वाले ओमप्रकाश धिलहरे ने बताया कि उनके साढ़ू भाई पुन्नीलाल टंडन का घर लंबे समय से बंद था। 14 मार्च की रात पड़ोसी चंदू साहू ने फोन कर घर के अंदर से तोडफ़ोड़ की आवाज आने की जानकारी दी। जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर से एक युवक बोरी में सामान लेकर भागता दिखाई दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। घर की जांच करने पर बाथरूम और किचन में लगे करीब 10 नल की टोटियां चोरी होना पाया गया। बाइक चोरी की भी कई वारदातें इसी इलाके में बाइक चोरी की भी कई घटनाएं सामने आई हैं। अरपा विहार कॉलोनी मोपका में रहने वाले शिक्षक आशीष बंधे ने बताया कि उन्होंने अपनी होंडा शाइन बाइक घर के पोर्च में खड़ी की थी और परिवार के साथ पामगढ़ चले गए थे। लौटने पर देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ है और बाइक गायब है। वहीं, सरकंडा के तुलसी पैलेस के पीछे रहने वाले अतिथि व्याख्याता विकास जोशी की हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर बाइक भी घर के पोर्च से चोरी हो गई। इसके अलावा बहतराई में शादी समारोह में आए मोहन कुमार वर्मा की बजाज पल्सर बाइक भी रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूने घर में घुसकर अलमारी तोड़ी, सोने के जेवर ले गए दिनदयाल आवास कॉलोनी बहतराई में रहने वाले उमेश कुमार पटेल ने बताया कि 14 मार्च की रात वे अपने घर में ताला लगाकर गांव चले गए थे। अगले दिन पड़ोसी ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। घर पहुंचकर देखा तो मेन गेट और पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से करीब 23.6 ग्राम का मंगलसूत्र, 15 हजार रुपये नकद और अन्य जेवर चोरी हो गए। पास के दो अन्य मकानों के ताले भी टूटे मिले हैं। एसएसपी पहुंचे मौके पर, पुलिस ने संदेहियों की धरपकड़ तेज की सरकंडा-मोपका क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस दौरान सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या, एससीसीयू प्रभारी तोपसिंह नवरंग समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। फिलहाल सरकंडा थाना और मोपका चौकी पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है। इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है। कुछ संदेेहियों को पकडकऱ पूछताछ भी की जा रही है। मनोज राज 17 मार्च 2026