बिलासपुर (ईएमएस)। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में दीवार निर्माण को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें युवक और उसकी मां घायल हो गए। शिकायत के आधार पर कोटा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम नवागांव निवासी संजय कुमार जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वह खेती-किसानी करता है और अपनी जमीन पर भवन निर्माण करा रहा है। उसके बगल में उसके चाचा उमाशंकर जायसवाल भी अपने हिस्से में मकान का निर्माण करा रहे हैं। संजय के अनुसार उसका निर्माण कार्य डीपीसी तक हुआ है, जबकि उसके चाचा का काम डीपीसी से लगभग 12 रास ऊपर तक पहुंच गया है। संजय का आरोप है कि 15 मार्च की सुबह करीब 8 बजे जब दीवार खड़ी की जा रही थी, तब वह भी वहां मौजूद था। इसी दौरान उसने देखा कि दीवार उसकी जमीन की ओर झुकाकर बनाई जा रही है। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त के मुताबिक उमाशंकर, राजीनबाई, सूर्यकांत और सरोजनी ने घर के अंदर घुसकर हाथ-मुक्कों और औजारों से मारपीट की। मारपीट के दौरान उसकी मां सरस्वती बाई बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उन्हें भी चोट लगी। मामले की शिकायत पर कोटा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनोज राज 17 मार्च 2026