17-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा शहर के राजकिशोर नगर स्थित शिव अनुराग भवन बिलासपुर में राम नवमी और हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर सात दिवसीय आध्यात्मिक ज्ञान श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। रामायण का आध्यात्मिक महत्व एवं जीवन प्रबंधन विषय पर आधारित यह कार्यक्रम 19 से 26 मार्च तक प्रतिदिन शाम 6.30 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम में शहर के श्रद्धालु एवं आध्यात्मिक जिज्ञासु बड़ी संख्या में भाग ले सकेंगे। इस विशेष आध्यात्मिक श्रृंखला में राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मंजू (मंजू दीदी) द्वारा रामायण के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को सरल, व्यावहारिक और जीवनोपयोगी तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। प्रवचनों के माध्यम से रामायण के प्रमुख पात्रों के आध्यात्मिक महत्व, मर्यादा, त्याग, धैर्य और विवेक जैसे मूल्यों को विस्तार से समझाया जाएगा। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि वर्तमान समय की चुनौतियों के बीच रामायण के सिद्धांतों को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को संतुलित, सकारात्मक और सफल कैसे बना सकता है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ब्रह्माकुमारी गायत्री बहन ने बताया कि राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी पिछले लगभग चार दशकों से आध्यात्मिक शिक्षा और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के माध्यम से समाज सेवा में सक्रिय हैं। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में राजयोग मेडिटेशन और आध्यात्मिक जीवनशैली का संदेश देकर हजारों लोगों को सकारात्मक और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन मुख्य कार्यक्रम से पहले शाम 6 बजे से राजयोग ध्यान का अभ्यास भी कराया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव हो सके। रामायण के आध्यात्मिक रहस्यों को जानने तथा जीवन को श्रेष्ठ और संतुलित बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस ज्ञान श्रृंखला में शहर के सभी नागरिकों को सपरिवार शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और सकारात्मक जीवन दृष्टि को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। मनोज राज 17 मार्च 2026