मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के अनुभवी बल्लेबाजों विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ संबंधों को लेकर हमेशा ही सवाल उठते रहे हैं। ये कहा जाता रहा है कि इनके बीच मतभेद रहे हैं और बात तक नहीं होती। वहीं गंभीर ने माना कि पिछले 18 महीनों में उनसे कुछ गलतियां हुई हैं पर उनका इरादा हमेशा सही रहा। उन्होंने कहा कि एक इंसान होने के नाते गलतियां होना स्वाभाविक है और वह इससे इंकार नहीं करते। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में सही इरादा होना सबसे जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि अगर गलत फैसले भी सही नीयत से किये जाएं तो उन्हें आप स्वीकार कर सकते हैं पर गलत इरादे से लिए गए फैसले सहन नहीं किये जा सकते। गंभीर ने यह भी कहा कि जब तक वह ईमानदारी से अपना काम कर रहे हैं, तब तक वह अपने को सही मानते हैं। वहीं कहा जाता रहा है कि गंभीर और सीनियर खिलाड़ियों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। हालांकि गंभीर ने कभी इन बातों से इंकार नहीं किया, लेकिन यह जरूर माना कि रिश्तों को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था। उससे भी पता चलता है कि जो बातें कही जा रहीं थीं वह गलत नहीं थीं। ये भी कहा जाता है कि रोहित और विराट के अचानक ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के पीछे गंभीर थे। दोनों दिग्गजों के संन्यास के बाद टीम इंडिया ने नए खिलाड़ियों के साथ नई शुरुआत की। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने इंग्लैंड में ड्रॉ खेला, वेस्टइंडीज को हराया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा। सीरीज गंवा दी। हालांकि रोहित और कोहली ने टेस्ट और टी20 से संन्यास ले लिया है पर दोनों की नजर अभी भी 2027 एकदिवसीय विश्वकप पर हैं। उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ ने साफ कर दिया है कि टीम में जगह प्रदर्शन के आधार पर ही मिलेगी।गौतम गंभीर का यह बयान भारतीय क्रिकेट के अंदर चल रहे बदलाव और चुनौतियों को दर्शाता है। ईएमएस 17 मार्च 2026