छिंदवाड़ा (ईएमएस)। शहर में सडक़ सुरक्षा विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। तीन दिन १३ से १६ मार्च तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का पालन न करने वाले २८६ वाहन चालकों से एक लाख रूपए से अधिक का समन शुल्क वसूला है। यातायात थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करना और आम नागरिकों में सडक़ सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना था। इस अभियान में रांग साइड वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीटबेल्ट के वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और रेड लाइट जंप करने जैसे प्रमुख उल्लंघनों पर कड़ी निगरानी रखी गई। यातायात थाना प्रभारी श्री तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 286 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई कर उनसे १ लाख १६ हजार पांच सौ रूपए का समन शुल्क वसूला गया। इस अभियान के बाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सडक़ सुरक्षा के नियमों का पालन करें ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। पुलिस प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि भविष्य में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। ईएमएस/मोहने/ 17 मार्च 2026