क्षेत्रीय
17-Mar-2026


छिंदवाड़ा (ईएमएस)। तामिया थाना अंतर्गत ज्वेलरी व्यापार से जुड़े कुछ युवकों द्वारा इंदौर के एक व्यापारी के साथ यहां की एक होटल के कमरे में मारपीट और लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने व्यापारी को बहाने से तामिया बुलाया और वहां स्थित होटल सनसिटी में उसे बंधक बना लिया। आरोप है कि व्यापारी के साथ न केवल बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई, बल्कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया। इस घटना के दौरान आरोपियों ने व्यापारी के पास मौजूद कीमती सामान और नकद सहित करीब ४ से 5 करोड़ का माल लूट लिया। उक्त पीडि़त व्यापारी इंदौर से आकर छिंदवाड़ा के व्यापारियों को जेवरात बेचता है। घटना के बाद पीडि़त किसी तरह इंदौर पहुंचा, जहां उसने पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि इंदौर से मामला छिंदवाड़ा के तामिया थाना क्षेत्र को ट्रांसफर कर दिया गया है। इंदौर के सराफा व्यापारी शिव ज्वेलर्स एवं पोरिया ज्वेलर्स के संचालक सोमेंद्र सोनी ने पुलिस को की गई शिकायत में बताया है कि छिंदवाड़ा के व्यापारी शुभम सोनी ने उसे २४ फरवरी को फोन के माध्यम से जेवर के ऑर्डर किए थे। इसके दो दिन बाद वह २६ फरवरी को अपने भाई के साथ आया था। यहां आने पर अन्य व्यापारी उमंग सोनी शिवम सोनी, अंकित सोनी, यश चौधरी, दीपेश सोनी और मीत ने उससे तामिया चलने कहा। यहां पहुंचकर उन्होंने उसे होटल सनसिटी में ले गए और उसे जबरन शराब पिलाई गई, उसके साथ अभद्रता के साथ मारपीट भी की गई। उसका आरोप है कि मारपीट करने वाले व्यापारियों ने उसके ऊपर पेशाब तक किया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने शराब की बोतल उसके सिर पर फोड़ दी और करीब 3 किलो से अधिक के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए थे। उसने बताया कि वह आरोपियों के चंगुल से किसी तरह बचकर इंदौर पहुंचा और यहां शिकायत कराई थी। इसके बाद इंदौर पुलिस ने डायरी कार्रवाई के लिए तामिया थाना भेजा दिया था। वहीं सूत्रों की माने तो इससे पहले भी ऐसी ही घटना मुंबई के सराफा व्यापारी के साथ हो चुकी है, लेकिन पीडि़त पक्ष द्वारा पुलिस ने शिकायत न कराए जाने से मामला ठंडे बस्ते में चला गया। बड़ा सवाल, आरोपियों पर क्यों मेहरबान है पुलिस ? इतनी गंभीर घटना के बावजूद भी अब तक तामिया पुलिस द्वारा किसी भी आरोपी युवकों की गिरफ्तारी नहीं की गई है और न ही उनसे अब तक पूछताछ की गई, जबकि पीडि़त व्यापारी द्वारा पांच दिन पहले ही अपने बयान तामिया थाना में दर्ज करा चुका है। इसके बाद भी अब तक तामिया पुलिस ने इन आरोपियों को न तो पूछताछ के लिए बुलाया है और न ही उनके बयान दर्ज कर पाई है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर तामिया पुलिस इन आरोपियों पर इतनी मेहरबान क्यों है। सुप्रीम कोर्ट के वकील लेकर पहुंचा पीडि़त पीडि़त व्यापारी मंगलवार को एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को लेकर तामिया थाना पहुंचा। जहां एक बार फिर पुलिस ने उन्हें अंधेरा हो जाने का हवाला देकर बुधवार को फिर एक बार पीडि़त पक्ष को घटना स्थल ले जाने बुलाया है। वहीं पीडि़त पक्ष द्वारा बताया गया कि घटना स्थल पर मंगलवार को ही जाकर मौका ए वारदात का पुलिस निरीक्षण कर सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका और मामला अगले दिन के लिए टाल दिया गया। इनका कहना है... मामला जांच में है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। होटल संचालक को भी पार्टी बनाया जाएगा। जितेंद्र जैतवार टीआई तामिया ईएमएस/मोहने/ 17 मार्च 2026