इसके पहले भी जनसुनवाई में मचाया था हंगामा छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को उस वक्त माहौल गरमा गया जब जनसुनवाई में पहुंची एक महिला और उसके साथ आए अन्य लोगों को पुलिस अपने साथ कोतवाली लेकर चली गई। महिला द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में काफी हंगामा भी मचाया गया। उक्त महिला का आरोप था कि वह पिछले 6 सालों से अनुकंपा नियुक्ति के लिए न्याय की गुहार लगा रही है लेकिन उसके बेटे को अब तक अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिल पाई है। तत्काल अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की मांग को लेकर महिला ने परिसर में जमकर हंगामा मचाया। सूत्रों की माने तो उक्त महिला जनसुनवाई के दौरान जहरीला पदार्थ लेकर पहुंची थी इस बात की खबर संबंधित स्टाफ को मिलने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस मौके पर महिला पुलिस बल के साथ पहुंची जहां पर संबंधित महिला को थाने ले जाकर समझाइश दी गई। पहले भी कर चुकी है हंगामा जिस महिला को कोतवाली पुलिस थाने लेकर गई है उसके द्वारा इसके पहले भी 24 फरवरी को जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा मचाया गया था जिसके बाद कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने महिला को चैंबर में बुलाकर उसकी समस्या सुनी थी तथा शिकायत का उचित निराकरण का आश्वासन दिया था। तत्काल नियुक्ति देने बनाया जा रहा था दबाव सूत्रों की माने तो संबंधित महिला 6 साल से अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिलने को लेकर काफी परेशान थी पिछले दिनों उसकी समस्या का निराकरण नहीं होने पर वह आज फिर जनसुनवाई में नियुक्ति लेने की बात पर अड़ी थी। इस बीच शिकायत मिली कि महिला द्वारा अपने साथ जहरीला पदार्थ लाया गया है मामले की संवेदनशीलता देखते हुए तत्काल कोतवाली पुलिस को संबंधित स्टाफ ने खबर दी। आयुक्त से होना है प्रकरण का निराकरण महिला की अनुकंपा नियुक्ति के मामले में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सीएमएचओ डॉ. नरेश गुन्नाड़े और मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अभय सिन्हा दोनों से चर्चा की थी और इस मामले का तत्परता निराकरण करने के निर्देश दिए थे। संबंधित विभाग द्वारा इस प्रकरण को भोपाल में विभागीय आयुक्त के पास निराकरण के लिए भेजा गया है जिसका जवाब आना अभी बाकी है। इसी कारण अनुकंपा नियुक्ति फिलहाल रुकी हुई है आयुक्त के जवाब के बाद ही प्रकरण का निराकरण होगा। ईएमएस/मोहने/ 17 मार्च 2026