अब तक छिंदवाड़ा में 2 हजार 993 और पांढुर्णा में 563 आवेदन आए छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत प्राइवेट स्कूलों में 25 प्रतिशत रिजर्वेशन के साथ गरीब विद्यार्थियों का निशुल्क प्रवेश होना है इसके लिए पिछले दिनों राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश पर वर्ष 2026-27 के लिए गैर अनुदान प्राप्त मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के तहत आवेदन लिया जाना शुरू हो चुका है। जिला परियोजना समन्वयक जगदीश कुमार इड़पाचे ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले में अब तक 2 हजार 993 और पांढुर्णा जिले में 563 अभिभावकों ने अपने बच्चों का शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन दिया हुआ है। इसमें छिंदवाड़ा जिले में 1 हजार 698 आवेदन और पांढुर्णा में 261आवेदनों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। सभी अभिभावकों से विभाग ने अपील की है कि अभिभावक 30 मार्च तक संबंधित दस्तावेजों की मूलप्रति के साथ नजदीकी जनशिक्षा केंद्रों में जाकर भौतिक सत्यापन कराएं। बिना दस्तावेज सत्यापन के आवेदनों को लॉटरी सिस्टम में शामिल नहीं किया जाएगा। 28 मार्च तक कर सकते हैं आवेदन एपीसी भानू गुमास्ता ने बताया कि जिले में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत प्राइवेट स्कूल में निशुल्क प्रवेश पाने के लिए पात्र विद्यार्थी के अभिभावक 28 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं जबकि 30 मार्च तक पालकों को मूल दस्तावेजों के साथ जनशिक्षा केंद्र में सत्यापन कराना अनिवार्य होगा इसके बाद 2 अप्रैल को लॉटरी सिस्टम के तहत चयनित विद्यार्थियों के नाम सामने आएंगे जिन्हें स्कूलों में निशुल्क प्रवेश मिलेगा। कलेक्टर ने सुनी 139 आवेदकों की समस्याएं राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 139 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, संबल योजना का लाभ दिलाने, सडक़ बनाने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज करने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी। ईएमएस/मोहने/ 17 मार्च 2026