क्षेत्रीय
17-Mar-2026


एमएमआईसी की बैठक तैयार किया गया प्रस्ताव, अब परिषद की बैठक में रखेंगे प्रस्ताव छिंदवाड़ा (ईएमएस)। नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) बैठक की बैठक में आम जनता को कचरा शुल्क में राहत प्रदान करने पर चर्चा की गई। शहर में लंबे समय से कचरा शुल्क को लेकर उठ रही नाराजगी के बीच अब निगम प्रशासन इसे आधा करने की तैयारी में है। मंगलवार को महापौर विक्रम सिंह अहके की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कचरा शुल्क 1200 रुपये से घटाकर 600 रुपये करने का प्रस्ताव तैयार कर परिषद के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। यदि परिषद से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो शहरवासियों को सीधे आर्थिक राहत मिलेगी। बैठक में यह भी माना गया कि वर्तमान शुल्क आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ बन रहा है, जिसे कम करना जरूरी है। इसी के चलते सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव आगे बढ़ाया गया। हालांकि परिषद से मंजूरी मिलने के बाद भी यह प्र्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। क्योकि शासन स्तर से ही शुल्क में कटौती संंभव है। बैठक में प्रस्तुत किया गया बजट दो घंटे तक चली एमआईसी की बैठक में वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया गया। बजट में १५ हजार रूपए का मामूली लाभ दर्शाया गया है। प्रस्तुत बजट के अनुसार नगर निगम की कुल आय 305 करोड़ 95 लाख 3 हजार 500 रुपये और कुल व्यय 305 करोड़ 94 लाख 88 हजार 500 रुपये निर्धारित किया गया है। इस प्रकार बजट में 15 हजार रुपये का लाभ बताया गया है। बजट नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 97 के अंतर्गत तैयार किया गया है। इसी तरह बैठक में शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए यह निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित कार्यों का विस्तृत सर्वे बाहरी एजेंसी से कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे टेंडर जारी किए जाएंगे। इससे कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की बात कही गई। ईएमएस/मोहने/ 17 मार्च 2026