राज्य
18-Mar-2026
...


- विपक्ष ने किया वॉकआउट रायपुर (ईएमएस)। विधानसभा के बजट सत्र के प्रश्नकाल में बालोद में आयोजित राष्ट्रीय जम्बूरी को लेकर कथित अनियमितताओं का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने इस मामले में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा। प्रश्नकाल के दौरान राघवेंद्र सिंह ने सरकार से पूछा कि छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड का पदेन अध्यक्ष कौन है, जम्बूरी आयोजन बालोद में कराने का निर्णय कब लिया गया, क्या पहले यह आयोजन रायपुर में प्रस्तावित था, आयोजन की क्रियान्वयन एजेंसी कौन थी, और क्या अनियमितताओं की शिकायतों पर जांच कराई गई है। जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड के पदेन अध्यक्ष स्वयं स्कूल शिक्षा मंत्री होते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन बालोद में करने का निर्णय राष्ट्रीय मुख्यालय, दिल्ली द्वारा लिया गया था, जबकि आयोजन की क्रियान्वयन एजेंसी जिला शिक्षा अधिकारी, बालोद थे। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि खर्च के लिए छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियमों के तहत प्रक्रिया अपनाई गई है। हालांकि विधायक राघवेंद्र सिंह ने मंत्री के जवाब से असहमति जताते हुए आरोप लगाया कि आयोजन में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही काम शुरू कर दिया गया था। पहला टेंडर 10 दिसंबर 2025 को जारी हुआ, जिसे बाद में निरस्त कर 23 दिसंबर 2025 को दोबारा टेंडर किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आयोजन के लिए निर्धारित 90 बिंदुओं को घटाकर 52 कर दिया गया, जो गंभीर गड़बड़ी की ओर संकेत करता है। उन्होंने मामले की विधानसभा समिति से जांच कराने की मांग की। वहीं मंत्री गजेंद्र यादव ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता से इनकार किया और जांच की मांग को भी अस्वीकार कर दिया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने विरोध जताते हुए सदन से बहिर्गमन (वॉकआउट) कर दिया, जिससे सदन का माहौल गरमा गया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/18 मार्च 2026