कोरबा (ईएमएस) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के सुदूर वनांचल ग्राम बर्रा में अज्ञात लोगो ने एक बुजुर्ग पर इस कदर हमला किया कि उनकी एक आंख पूरी तरह फूट गई। इस हिंसक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं ग्रामीणों के बीच ‘बच्चा चोर गिरोह’ के सक्रिय होने की चर्चाओं ने डर का माहौल बना दिया है। घटित घटना के सन्दर्भ में बताया जा रहा हैं की ग्राम में घुस आए कुछ अज्ञात लोगो ने एक वृद्ध व्यक्ति को अपना निशाना बनाया। हमले में बुजुर्ग की आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। ग्राम में यह बात तेजी से फैल रही है कि हमलावर बच्चा चोर गिरोह के सदस्य हो सकते हैं। आसपास के ग्रामो में इस बात की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है कि हमलावर घरों में चोरी करने के इरादे से आए थे या किसी अन्य गिरोह का हिस्सा हैं। हालांकि, ग्रामीणों में खौफ इस कदर घर कर गया है कि लोग रात में पहरा देने को मजबूर हैं। 18 मार्च / मित्तल