बेंगलुरु (ईएमएस)। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल के 19 सत्र में शामिल होने के लिए बेंगलुरु पहुंचकर अपनी टीम टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से जुड़ गये हैं। विराट के यहां पहुंचने के साथ ही आरसीबी के खेमे में उत्साह की लहर फैल गयी। विराट का प्रशंसकों के साथ ही टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों को भी इंतजार था। , बेंगलुरु पहुंचने से पहले कोहली इंग्लैंड में थे पर वहां भी वह तैयारी जारी रखे थे। उन्होंने अपने अभ्यास की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी की थी जिसे आरसीबी ने भी साझा किया है। कोहली के टीम से जुड़ने के बाद अभ्यास सत्र में तेजी आने की उम्मीद है। आरसीबी को इस सत्र में अपना पहला मैच 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है। इससे वह खिताब बराकरार रखने के इरादे से उतरेगी। पिछले सत्र में उसने रजत पाटीदार की कप्तानी में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब जीता था। आरसीबी को चैंपियन बनाने में विराट की अहम भूमिका रही है। विराट ने पिछले सत्र में 15 मैचों में 54.75 की औसत और 144.71 की स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 8 अर्धशतक लगाये थे। ऐेसे में टीम प्रबंधन चाहेगा कि वह इस बार भी अधिक से अधिक रन बनाकर टीम को जीत दिलायें। विराट शुरुआती सत्र से ही आरसीबी से जुड़े हैं। उनके प्रदर्शन में निरंतरता रहती है। लगभग हर साल वह टीम की ओर से सबसे अधिक रन बनाते आये हैं। कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनके नाम सबसे अधिक रन और शतक हैं। कोहली ने साल 267 मैचों में 8 शतक और 63 अर्धशतक लगाते हुए 8,661 रन बनाए हैं। वह साल 2013 से 2021 तक आरसीबी के कप्तान भी रहे हैं। ईएमएस 18 मार्च 2026